'मैडम आपने बुलाया मुझे '?
30-35 साल का एक साधारण सा दिखने वाला नौजवान प्रिंसिपल वंदना जी के ऑफिस के बाहर खड़ा था ,
कहने भर को प्रिंसिपल का ऑफिस था l छोटे से कमरे में जहाँ ढेरो फाइल्स के ढेर पड़े थे और छोटी सी टेबल और कुर्सी रखी थी l वंदना जी की टेबल के ठीक सामने तीन से चार बेंत की कुर्सी रखी थी जिस पर आगनतुको को बिठाया जा सके l
सुदूर गाँव का एक विद्यालय था ये l जहाँ एक ठीक ठाक सी स्कूल ईमारत मिल पाना ही बहुत बड़ी बात होती है, नहीं तो बेचारे बच्चे या तो जान हथेली पर रख टूटी छत के नीचे पढ़ते है या फिर वो भी नहीं नसीब हो तो किसी पेड़ के नीचे l वो भी तब जब अध्यापक पढ़ाने को विद्यालय आ जाये l उन सब बातो को ध्यान में रखते हुए ये विद्यालय और प्रिंसिपल का ऑफिस उन सब पैमानो से काफ़ी बेहतर था l
त्रिपाठी सर की आवाज सुन प्रिंसिपल ने अपने रजिस्टर से एक नजर ऊपर उठा उन्हें देखा l फिर चेहरे पर एक चिर परिचित मुस्कान ओढ़ उन्हें अंदर आने और अपने सामने रखी कुर्सी पर बैठने का इशारा किया ',
त्रिपाठी सर कुछ सकुचाये से मैडम के सामने लगी कुर्सी पर आ कर बैठ गए l इस विद्यालय में आये उन्हें चार पांच साल हो गए l घर वालों ने तो काफ़ी जोर दिया था शहर में जाकर किसी ढंग के विद्यालय में पढाये l जानते थे यहाँ आगे बढ़ने के अवसर ना के बराबर हैं l पर एक तो बूढ़े माँ बाप का एकमात्र सहारा थे त्रिपाठी सर,फिर अपने गाँव से बहुत लगाव था उन्हें l इसलिए यही रह गाँव के बच्चों को पढ़ाने का संकल्प लिया l
पूरे विद्यालय में बच्चों के सबसे पसंदीदा शिक्षक थे त्रिपाठी सर l वंदना जी रजिस्टर में कुछ दर्ज कर अपना चश्मा उतार त्रिपाठी सर से मुखातिब होते हुए बोली,
' त्रिपाठी जी इस बार टीचर्स डे पर हमारे गांव से कुछ अच्छे शिक्षकों का चुनाव करना है l सारे स्कूलस अपनी तरफ से सबसे अच्छे शिक्षक का नाम भेजेंगे, फिर सर्वम्मति से किसी एक टीचर का नाम पुरुस्कार के लिए आगे भेजा जाएगा l ये निर्णय सर्वमान्य होगा',
त्रिपाठी सर वंदना जी को ध्यान से सुन रहे थे l प्रिंसिपल मैडम चेहरे पर एक मुस्कान ओढ़ विनम्रता से बोली,
'आप सोच रहे होंगे मैंने आपको यहाँ क्यों बुलाया'?
त्रिपाठी सर कुछ कहते उससे पहले वंदना जी आँखों में प्रशंसा के भाव लिए बोली,
'मुझे लगता है आप इस पुरस्कार के सबसे योग्य शिक्षक है l मुझे पूरा यकीन है ना सिर्फ हमारे विद्यालय बल्कि पूरे गाँव के योग्य शिक्षको में आपका नाम निसंदेह सबसे ऊपर होगा l ये आपकी लगन, आपकी अथक मेहनत ही है कि जो बच्चे गणित से घबराते थे,अब वो सब का पसंदीदा विषय बन गया l देखा है आपके पीरियड में सब छात्र कितना उत्साहित रहते हैं l और ये सिर्फ हम नहीं कह रहे, हमारे स्कूल के परीक्षा परिणामो में आपकी मेहनत साफ दिखती है',
त्रिपाठी सर ने वंदना जी को धन्यवाद कहा और सौम्यता से बोले,
' मैडम ये मेरा सौभाग्य है जो आपने मुझे इस लायक समझा l मेरी कोशिश तो यही है कि अपनी तरफ से हरसंभव प्रयास करू l हर बच्चे को अच्छे से अच्छी शिक्षा दूँ l ये मेरा कर्तव्य है...मेरा फर्ज है जिसके लिए मुझे तनख्वाह भी मिलती है l लेकिन ....',
त्रिपाठी सर के लेकिन को सुन वंदना जी उन्हें टोकते हुए बोली,
'लेकिन क्या सर? आपके मन में कोई संशय, कोई सवाल है तो आप बेझिझक पूछ सकते है l बताइये क्या कहना चाहते है आप ',?
त्रिपाठी सर अपने हथेलियों को प्रिंसिपल मैडम कि टेबल पर रख खुद आगे की और झुकते हुए बोले,
' मैडम अगर आप मेरी बात माने तो मैं हमारे स्कूल की कक्षा आठवीं की छात्रा नंदिनी का नाम आगे बढ़ाना चाहूंगा ',
त्रिपाठी सर की बात सुनते ही वंदना जी के चेहरे पर आश्चर्य मिश्रित भाव आ गए l फिर अगले ही पल वो हॅसते हुए बोली,
' क्या कह रहे हैं सर आप ? यह बेस्ट स्टूडेंट का नहीं बेस्ट टीचर का पुरुस्कार है l और वैसे भी नंदिनी को बेस्ट स्टूडेंट भी नहीं कह सकते,उससे ज्यादा तो कई मेधावी छात्र हमारे स्कूल में है',
त्रिपाठी सर वंदना जी की अशांकओ का निवारण करते हुए बोले,
'मैडम आप मेरे कहने का मतलब नहीं समझी l अभी ज्यादा समय नहीं हुआ अगर आपको ध्यान हो तो इस कोरोना के वक्त जब सब कुछ बंद हो गया... स्कूलस भी l तब हम चाह कर भी बच्चों को पढ़ा नहीं पा रहे थे, क्योंकि भले हमारे पास में एक से एक योग्य टीचर थे, पर हम सब इस ऑनलाइन शिक्षा से तालमेल नहीं बैठा पा रहे थे l ना ही हम और ना ही बच्चे इन सब चीजों से वाकिफ थे l ये सब हमारे बुते की बात ही नहीं थी l उस समय जबकि देश विदेश के बच्चे ऑनलाइन माध्यम से पढ़ रहे थे, हम बेबस थे,हाथ पर हाथ धरे बैठे थे l पूरे गांव की शिक्षा व्यवस्था ठप पड़ी थी l हम शिक्षा के नाम पर महीने में उन्हें कुछ होमवर्क दे खानापूर्ति कर रहे थे l तब नंदिनी ही इस गाँव की एकमात्र छात्रा थी जिसने पहले खुद यू ट्यूब से इन सब का प्रशिक्षण लिया और फिर हिम्मत कर हम सबके आगे ये प्रस्ताव रखा l उसके लिये ये सब इतना आसान नहीं था l क्युकी बात जब बच्चों की आती है तो वो अपने बड़ो से, अपने अध्यापक से कुछ भी सीख सकते है l पर बात जब अध्यापको की.... बड़ो की आती है तो हमें इसमें हमारा अपमान नजर आता है, हमारा अहम हमें उनसे कुछ सीखने से, कुछ अपनाने से इंकार करता है l पर नंदिनी ने हार नहीं मानी l उसने ना सिर्फ हम सबको मनाया, समझाया... बल्कि पूरे गांव के टीचर्स को मोबाइल से ऑनलाइन टीचिंग का प्रशिक्षण दिया l ये उस की मेहनत और लगन थी की धीरे धीरे जो उसके खिलाफ थे अब उससे प्रशिक्षण लेने लगे l और उसी की बदौलत कोरोना में इस गाँव की पढ़ाई निर्बाध रूप से चलती रही',
प्रिंसिपल मैडम हाथ में पकडे अपने पेन पर ढक्कन लगाती हुई बोली,
'हम आपकी बात से पूरी तरह सहमत है l पर मुझे नहीं लगता हमारी बात कोई मानेगा l एक तरफ जहाँ बड़े बड़े शिक्षक इस पद के दावेदार होंगे वहाँ नंदिनी को खड़ा करना आसान नहीं होगा l और हो सकता है ये उस पुरुस्कार के नियमों के मापदंडो पर खरा भी ना उतरे ',
त्रिपाठी सर उम्मीद भरी आवाज में बोले,
'मैडम मैं मानता हूँ ये सब आसान नहीं होगा पर हम एक कोशिश तो कर सकते है l ठीक उसी तरह जिस तरह नंदिनी ने उस मुसीबत के समय की थी l जब वो छोटी बच्ची हार नहीं मान सकती फिर हम तो बड़े है l और वैसे भी गाँव का हर आदमी उसकी मेहनत से वाकिफ है l और मैं सबको मनाने का प्रयास करूँगा ',
वंदना जी चश्मे को आँखों पर चढ़ाते हुए बोली,
'ठीक है आपके कहने पर हम सबके सामने ये प्रस्ताव रखेंगे 'l
अगले हफ्ते सारे स्कूलस की मीटिंग में वंदना मैडम ने ये प्रस्ताव रखा l एक बार तो सबको अटपटा लगा,कुछ एक ने विरोध भी किया l पर सभी को ये निर्णय मानने में ज्यादा देर नहीं लगी l क्यूंकि नंदिनी की मेहनत से कौन वाकिफ नहीं था l वो बात अलग थी की इस पुरुस्कार के लिहाज से किसी ने नहीं सोचा था l पर त्रिपाठी सर और वंदना मैडम के समझाने पर सर्वसम्मति से निर्णय हुआ और नंदिनी का नाम आगे भेजा गया l
नंदिनी और उसके माँ बाप को जब मालूम चला तो ख़ुशी, आश्चर्य, आँसू पता नहीं कितनी भावनाओं से वो सराबोर हो रहे l
टीचर्स डे पर नंदिनी के लिए पूरा हॉल तालियों से गड़गड़ा रहा था l सबके लिए इतने बड़े और योग्य शिक्षकों के आगे इतनी छोटी सी बच्ची का होना ही अपने आप में कौतुहल का विषय था l किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा ये क्या हो रहा है?तब मुख्य अतिथि के कहने पर त्रिपाठी सर माइक पर आ बोलने लगे ,
' मैं जानता हूँ आप सब के मन में हजार सवाल है l आप सब सोच रहे होंगे बड़े बड़े अनुभवी शिक्षकों के सामने इस छोटी सी बच्ची का क्या काम? ये भला कैसे इस पुरुस्कार की दावेदार हो सकती है?,
त्रिपाठी सर की बात सुन सब खुसर पुसर करने लगे तो त्रिपाठी सर बोले,
'शिक्षक वह होता है जिससे हम कुछ न कुछ सीखते हैं l जरूरी नहीं वह हमसे बड़ा हो,छोटो से भी हम बहुत कुछ सीख सकते हैं l नंदिनी ने ऐसे वक्त शिक्षा व्यवस्था को सुचारु रखने का जिम्मा लिया जब हमारे गाँव के बड़े बड़े शिक्षक हार मान चुके थे ',
फिर उन्होंने कोरोना के समय उनके गाँव की शिक्षा व्यवस्था चौपट होना और फिर नंदिनी के प्रयासों को विस्तार से बताया l
त्रिपाठी सर की बात ख़तम होते ही पूरा हाल तालियों से गडगड़ा रहा था l नंदिनी की आँखों में ख़ुशी के आँसू थे तो वही उसके माँ बाप वो तो खुशी से फूले नहीं समा रहे थे l
आखिर नंदिनी को अवार्ड मिला l पूरा हॉल उस नन्हे शिक्षक के लिए तालिया बजा रहा था और उसके जज्बे की मिसाल दे रहा था l
इधर वंदना मैडम ने त्रिपाठी सर को देख उनकी पारखी नजरों की प्रशंसा की l
रीशा गुप्ता ✍️✍️
No comments:
Post a Comment