Jindagi ek unsuljhi paheli

https://www.blogger.com/blogger.g?blogID=109319055420907736#pageelements

Sunday, 6 September 2026

उसका अपराधी

 'भाभी मुझे 1 महीने की छुट्टी चाहिए' '


कामवाली ने  मनीषा से कहा तो मनीषा के कान खड़े हो गए, 


' क्यों 1 महीने की छुट्टी क्यों', 


' अरे  वो भाभी,  हमारा आदमी जहां काम करता है,  उनके यहां शादी है तो काम ज्यादा है इसलिए', 


' बस तुम लोग का यही है,  जहां चार पैसे ज्यादा मिले वहीं चले गए, और यहां का क्या,  ना बाबा ना,  मैं नहीं दूंगी छुट्टी ', 


'अरे भाभी यहां कि आप चिंता मत करो,  मैं मेरी बेटी को छोड़ कर जाऊंगी,  कल से वह आएगी काम पर ', 


'कितनी बड़ी है तुम्हारी बेटी', 


' 11 साल की है', 


' अरे इतनी सी बच्ची क्या काम करेगी',


' अरे भाभी, उसकी  आप चिंता मत करो,  उसको सब आता है ', 


मनीषा ने भी सोचा,  कुछ नहीं से तो अच्छा ही है, नहीं तो एक महीना कैसे निकालेगी, 


  उसने कहा, 

' ठीक है, कल से भेज देना उसको '!


अगले दिन कामवाली की बच्ची  ठीक समय पर  काम पर आ गई, जया नाम था उसका, दो चोटी,  बड़ी बड़ी आंखें, पतली सी  थी,  उसको देखकर एक बार तो मनीषा को दया आई, यह तो मेरी बेटी मीशा के बराबर है,  यह क्या काम करेगी, फिर अपने मन को मनाया  अरे इनका क्या,  ऐसे ही माहौल में रहते हैं,  इनका  तो काम ही होता है !

मनीषा ने उसको सब काम सही से  समझा दिया,  वह अपने  नन्हे नन्हे हाथों से काम करती,  मनीषा को बहुत मुश्किल होती उसको काम कराने में, कई बार उसको डांट भी लगा देती,   मनीषा के बच्चे टीवी देख रहे होते तो कभी-कभी वह भी कार्टून में खो जाती, फिर मनीषा का गुस्सा उसके ऊपर उतरता !

दो  दिन बाद चिड्रेन्स डे   था,  मनीषा ने बच्चों से पूछा, 

'बताओ तुम्हें क्या क्या चाहिए ', 

बच्चों ने पूरी फरमाइश बता दी,उसकी बेटी मीशा ने हर  चीज दो  दो बताई,  तो मनीषा ने पूछा, 

'ये क्या बेटा, हर चीज डबल क्यों ', 


' मम्मी यह सब चीजें मैं जया को दूंगी ', 


मनीषा ने मीशा को डांट लगायी, तो मीशा  बोली, 

'मम्मी  जया भी तो बच्ची है, चिल्ड्रेंस डे तो उसका  भी है', 

और यह कहकर वह अपने काम में लग गई, इतनी सी बच्ची के मुँह से ये बात सुन कर  मनीषा सोच रही थी, मीशा सही तो कह रही है, जया भी तो बच्ची ही है, गरीब है तो क्या  उसका बचपना नहीं है, पता तो मुझे भी था पर मेरी आँखों पर तो स्वार्थ की पट्टी पड़ी थी, कहीं मैं उससे उसका बचपन तो नहीं  छीन रही, मैं उसकी  अपराधी तो नहीं,  पर मैं क्यों, अपराधी तो उसके  मां बाप है, पर वो भी क्या करें,  चार पैसो के लिए उनकी मजबूरी करवाती  है, तो  क्या गरीबी उसका अपराधी है!

पता नहीं मनीषा को समझ नहीं आ रहा था,  आखिर जया का अपराधी कौन है !



No comments:

Post a Comment