Jindagi ek unsuljhi paheli

https://www.blogger.com/blogger.g?blogID=109319055420907736#pageelements

Saturday, 5 September 2026

अनकहे शब्द

अनकहे शब्द (Father’s day special)


“सुवर्णा पापा कहाँ है ",


सुबह का अखबार और चाय लेते हुए निलेश ने सुवर्णा से बृजेश जी के लिए पूछा l सुवर्णा बच्चों का टिफिन तैयार करती बोली,


" पापा बस मॉर्निंग वॉक से आ  नहा धोकर पूजा पाठ में लग गए",


निलेश बाथरूम में जब नहाने गया यूं ही एक नजर पूजा घर की तरफ डाल ली l बृजेश जी भगवान के मंदिर में बैठे हुए थे बिलकुल शांत l ध्यान कही और था शायद उनका l


दिन में ऑफिस से फोन कर निलेश ने सुवर्णा से पूछा,


"सुवर्णा पापा क्या कर रहे हैं"?


सुवर्णा अपने कमरे का ए सी ऑन करती हुई बोली,


" खाना खाकर रेडियो पर अपने पुराने गाने सुन रहे हैं ",


रात को निलेश आया तो घर में नजर डालते हुए सुवर्णा से पूछा,


"आज पापा दिखाई नहीं दे रहे ",


सुवर्णा खाना गरम करती हुई बोली,


" पापा आज जल्दी सो गए...सुबह जल्दी उठ गए थे ना तो थकान हो गई ",


सुवर्णा निलेश और खुद का खाना लगाती बोली,


"सच नीलेश पापा का समय आराम से निकल जाता है नहीं तो लगा था  रिटायरमेंट और मम्मी के जाने के बाद वो समय कैसे निकालेंगे"l


रात को सुवर्णा जब रसोई समेट रही नीलेश बृजेश जी के कमरे की तरफ गया उनके कमरे की लाइट बंद थी l वो उनके पास जाकर बैठ गया l बृजेश जी को एहसास हुआ कोई बैठा है l वो निलेश को देख उठते हुए बोले,


"क्या हुआ बेटा कोई बात है",


नीलेश उनकी चादर सही करता हुआ बोला,


"कुछ नहीं पापा बस यूँ ही ",


बृजेश जी मोबाइल में समय देखते हुए बोले,


" थक गया होगा बेटा सो जा ",


नीलेश रुंधे गले से बोला,


"बहुत अकेले हो गए ना पापा, समय कटता नहीं ना ",


बृजेश जी  बिना कुछ बोले अपनी आँखों के पोर पर आये आँसूओ को पोंछने लगे l कैसे उनका बेटा बिना कहे उनकी मन की बात समझ गया l उसके बाद नीलेश उनका हाथ पकड़ चुपचाप बैठा रहा l वह दोनों ना जाने कितनी बातें...जिसमे ना कोई शब्द थे,,,ना कोई आवाज बस थे तों भीगे से जज़्बात... करते रहे l


इधर कमरे के बाहर खड़ी सुवर्णा उनकी अनकही बातें सुन अपने आंसू पोंछ रही थी l


रीशा गुप्ता ✍🏻✍🏻

No comments:

Post a Comment