Jindagi ek unsuljhi paheli

https://www.blogger.com/blogger.g?blogID=109319055420907736#pageelements

Tuesday, 15 September 2026

जड़

 नगर निगम की गाड़ी घर क़े बाहर बड़ी सी कटर मशीन क़े साथ आ चुकी थीं l  डोर बेल बजने पर प्रथम ने खिड़की से बाहर देखा l गाड़ी पर नजर पडते ही वह पैरों में चप्पल पहनते  हुए माधवजी से बोला,


" पापा पेड़ काटने मजदूर आ गए  मैं बाहर जा रहा हूं ",


माधव जी अखबार में नजरे गड़ाए बुझी सी आवाज में बोले,


"बेटा ध्यान से कटवाना और जब पेड़ गिरे तो आसपास का ट्रैफिक रुकवा देना",


पता नहीं प्रथम  ने माधव जी की पूरी बात सुनी या नहीं वो तो उनके बोलने से पहले ही बाहर जा चुका था l पीछे-पीछे प्रथम का नौ साल का बेटा शौर्य भी था l यह सब बातें सुनना... देखना उसके लिए कौतुहल का विषय जो था l बाहर मजदूर ट्रेन से मशीन उतार बिना देर किये अपने काम में लग गए l 


कितने अरमानों से माधव जी ने बरसो पहले घर क़े बाहर ये पेड़ लगाया था... पेड़ ने भी अपनी तरफ से बरसो  तक  माधव जी क़े अरमान पूरे करने में कोई कसऱ नहीं छोड़ी  भरपूर  फल फूल कर और छाया बिखेर कऱ l पर कुछ समय पहले अचानक से जाने कैसे हरा भरा पेड़ ठुठ में बदल गया... ऐसा सूखा कि फिर कोई खाद... कोई औषधि काम नहीं आई जैसे उसकी जीने की इच्छा ही खत्म हो गयी l पेड़   टूट कर कभी अचानक से गिर पड़े और जिस मकान को बरसो बरस छाया दी उसे गिरते गिरते नुकसान पहुचाये या किसी पर गिर कोई अनहोनी हो इसलिए सब ने इसे कटवाने का निर्णय लिया l 


माधव जी की  तो हिम्मत ही नहीं हो रही थी ये काम करने की इसलिए प्रथम के घर आते ही उसे यह जिम्मा सौंप दिया l यही वजह है जो वह बाहर नहीं आए आखिर अपने हाथ से लगे पेड़ को कटते  देखते भी कैसे   l पेड़ भी  ठूठ में बदलने क़े बावजूद जब तक खड़ा रह सकता था खड़ा रहा .. अपने मलिक क़े अरमानो को  तोड़ने का इल्जाम वो अपने हाथ नहीं लेना चाहता था या उसमे इतना साहस नहीं था इसलिए दूसरों का सहारा लिया और बस जरा सी कोशिश से ही धड़ाम से गिर गया...जैसे वो भी इसी इंतजार में था अब और ज्यादा खड़े रहने की ताकत नहीं बची उसमे.. बस उसे गिराने में ज्यादा मेहनत की जरूरत ही नहीं पड़ी l 


पेड़ कटते ही मजदूर मशीन को गाड़ी में चढ़ाने लगे l प्रथम मजदूरों को पैसे दे रहा था कि उसका बेटा शौर्य उस पेड़ की जड़ दिखाते हुए बोला,


"पापा इन अंकल ने पेड़ की जड़ तो  काटी नहीं ",


मजदूर गमछे से अपना पसीना पोंछता हुआ शौर्य से बोला,


"अरे बबुआ जड़ है जिद्दी है यह अपनी जगह से इतनी आसानी से नहीं हिलने वाली",


शौर्य क़े लिए मजदूर की बात समझ से परे थीं उसकी नजर तो अब भी जड़ पर ही टिकी थीं l माधव ने मजदूर को पैसे दिए और शौर्य की जिज्ञासा शांत करते हुए बोला,


"बेटा जड़ है यह कभी अपनी जमीन नहीं छोड़ती... यही लगी है यही गल कर खत्म हो जाएगी",


शौर्य अब भी एकटक उस जड़ को देख रहा था l प्रथम की नजरे भी बेटे की नजरों का पीछा करती जड़ तक चली गयी और अचानक   ही तीन-चार दिन पहले माधव जी और उसक़े बीच  हुई गरमा गरम बहस फिर से उसके मन मस्तिष्क में गूंजने लगी l प्रथम को अमेरिका गए पूरे दस साल हो गए... साल में एक बाऱ तो  कम से कम वह इंडिया का चक्कर लगाता ही था l  पिछले साल ही माँ उसे और माधवजी को अकेला छोड़ इस दुनिया से चली गई l तब से प्रथम माधव जी पर दबाव डाल रहा है उन्हें अपने साथ  चलने के लिए पर माधव जी टस से मस नहीं हो रहे... एक ही जिद पकडे बैठे है..


"यही जिया हूं यहीं  मरूंगा l जब प्रथम  समझ गया माधवजी को समझाना आसान नहीं  तो उसने भी  गुस्से में कह दिया,


"पापा आप तो  जिद् पकड़ कर ही बैठ गए अरे इतना जिद्दी तो आपका पोता भी  नहीं है ",


अपने अंदर भरा सारा गुबार और पापा क़े प्रति चिंता माधव जी का हट देख अब गुस्से में बदल चुका जिसका परिणाम उसके मुँह से गुस्से क़े रूप में निकला,


"अरे खुद ही का सोचते हो कभी मेरे लिए सोचा l मुझे दिन रात आपकी कितनी चिंता रहती है... अब मैं आपकी एक नहीं सुनूंगा आपको हमारे साथ चलना ही होगा ",


इस दफा माधवजी ने अपने बेटे की बात का प्रतिकार तो नहीं किया पर बिल्कुल खामोश और गुमसुम हो गए l उनकी आंखें निर्विकार हो गई जहां कोई भाव नहीं l उस बहस के बाद से उनके सोने उठने का कोई समय नहीं l किसी भी समय  घर में घूम कभी दीवारों को छूते तो कभी  फर्श पर ही लेट जाते जैसे घर को छोड़ने से पहले उसे महसूस कर रहे ... उसे अपने भीतर थोड़ा थोड़ा भर रहे  l 


प्रथम पापा की भावना समझ रहा था पर हालात क़े आगे बेबस था l माँ थीं तब तक फिर भी थोड़ा बेफिक्र था पर अब ऐसे पापा को अकेले... नहीं उसे पापा की बेहतरी क़े लिए कठोर निर्णय लेना ही होगा l 


तभी सडक पर आते जाते वाहनों क़े शोर से प्रथम वर्तमान में आया l ये जड़ और पापा आज उसे कुछ कुछ एक जैसे लग रहे l जब ये जड़ ही अपनी जगह नहीं छोड़ रही तो पापा कैसे छोड़ेंगे वह भी तो आखिर इस घर की जड़ ही है l इधर बाल मान बहुत से प्रश्नों से घिरा था उन अनेक प्रश्नों में से एक प्रश्न उठाते हुए वो बोला


" पापा यह जड़  मशीन से भी नहीं हटेगी इतनी मजबूत है",


प्रथम गहरी साँस ले बोला,


" पता नहीं बेटा मजबूत है...जिद्दी है.. या फिर जमीन से जुड़ी है l यह तो स सिवा जड़ के कोई नहीं पहचानता ",


और वह शौर्य का हाथ पकड़ घर के भीतर जाने लगा असमंजस में पेड़ की जड़ को तो उसके हाल पर छोड़ दिया पर इस घर की  जड़ को कैसे छोड़े पर उसके पास इसका फिलहाल कोई जवाब नहीं था l पर ये जानता था जड़ भले जिद्दी हो... ज़मीन से जुडी हो या फिर मजबूत ही हो वो इस घर की जड़ को बाहर पेड़ की जड़ की तरह उसके हाल पर गलने क़े लिए तो नहीं छोड़ सकता l



No comments:

Post a Comment