मिश्राजी का भरा पूरा परिवार, बेटे, पोते, पोती, बहुएँ एक खुशहाल परिवार था! मिश्रा जी थे भी बहुत नसीब वाले, उनकी मर्जी के बिना घर में पत्ता भी नहीं हिल सकता था, हर चीज उनसे पूछे बिना नहीं हो सकती थे, बेटे, बहुएँ, पोते, पोती, हर काम में उनकी राय लेते, या मज़बूरी में लेनी पड़ती, घर की कोई चीज उनकी नजरों से बच नहीं सकती थी,कई बार वह अपनी पत्नी को बोलते,
'देखा मेरे बच्चे कितने आज्ञाकारी हैं आज के जमाने में भी हर चीज मेरी इजाजत से ही करते हैं, नहीं तो आजकल के बच्चों को तो तुम जानती ही हो' !
उनकी पत्नी ने कई बार उनको समझाया कि बच्चों को थोड़ी ढील दो, उनको थोड़ी आजादी दो, अब उनकी भी जिंदगी है, उनको अपने हिसाब से जीने दो!
पर मिश्रा जी कहते,
' कि नहीं जब तक मैं हूं, मेरी इजाजत के बिना कुछ नहीं होगा, अगर इनको ढील दी तो यह सब अपनी मनमानी से चलने लगेंगे '!
वे सोचते यह घर उनके बिना चल ही नहीं सकता! एक दिन मिश्राजी की थोड़ी तबीयत खराब हो गई, सीने में थोड़ा दर्द था, डॉक्टर को दिखाया, कही दिल का दौरा तो नहीं, पर भगवान की दया से गैस का दर्द था!सबने राहत की सांस ली !
रात को मिश्रा जी सोच रहे थे, कल को मुझे कुछ हो गया तो यह सब किसके सहारे रहेंगे, मेरे बिना तो रह ही नहीं पाएंगे, सोचते-सोचते कब उनकी आंख लग गई, सपने में उन्होंने देखा, दिल के दौरे से उनकी मौत हो गई, पूरा घर रिश्तेदारों से भरा था, उनकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था, उनके बच्चे दुनिया को दिखाने के लिए रो जरूर रहे थे, पर उनके चेहरे पर दुख नहीं था, जब सब चले गए तो बहुएँ बोली,
' अब राहत की सांस मिली है, अब खुल कर जी पाएंगे , नहीं तो घुट घुट कर जी रहे थे,'
बेटे बोले,
' आज लगा रहा हैं की हम भी कुछ है, हमारा भी वजूद है हम अपने परिवार को संभाल सकते हैं,'!
पोते पोती अपनी अपनी दुनिया में मस्त थे ! सब जैसे राहत की सांस ले रहे थे, मिश्रा जी के बिना ये घर बिल्कुल भी नहीं रुका, बल्कि जिस तरह जी रहे थे, लग रहा था अब घर में खुशी है, आजादी है, जो उनके रहते कही गायब थी!
अचानक मिश्रा जी हड़बड़ा कर उठ गए, उनकी पत्नी की भी आँख खुल गई, उन्होंने अपनी पत्नी को अपना सपना बताया तो उनकी पत्नी बोली,
'मैं आपसे कब से कहती हूँ, बच्चों को आजादी दो, उनको जीने दो, अगर आप ऐसा करोगे तो जो सपना देखा है, शायद वो जीते जी देख लो '!
मिश्रा जी मन ही मन सोच रहे थे कि उनकी पत्नी सही कह रही हैं, मैंने बच्चों के चेहरे पर जो हंसी और सुकून देखा, वह मैं जीते जी देखना चाहता हूं, अभी मेरी आंखों ने जो मेरी मौत के बाद का सपना देखा, उसे मैं जीते जी देखूंगा, सोचकर वह सुकून की नींद सो गए, एक नई सुबह के इंतजार में !
No comments:
Post a Comment