खाली कमरे में उन सिसकियां की गूंजती वो जानलेवा आवाज किसी पत्थर से पत्थर दिल को मोम करने को काफ़ी थीं l उस सन्नाटे और जानलेवा चुप्पी को ये सिसकियाँ रह रह तोड़ रही वैसे उन सिसकियों का कारण ये सन्नाटा ही तो है l दस पंद्रह डोर बेल और स्मृति के मोबाइल पर एक के बाद एक फोन के बाद भी जब उसकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला तो आशंकित नितिन ने एक चाबी जो उसके पास रहती थी उससे घर का दरवाजा खोला और अंदर आ गया l स्मृति का फोन बाहर ड्राइंग रूम में ही था शायद इसी वजह से स्मृति ने उसकी आवाज नहीं सुनी l पर ना तो फोन साइलेंट पर था और ना उसकी रिंगटोन धीमी थी फिर इस घर में इतना सन्नाटा है कि पिन गिरने की आवाज तक गूंजती है l कहीं सो तो नहीं गई...तबीयत तो ठीक है ना... हजार आशंका मन में लिए नितिन बेडरूम की तरफ आवाज लगाते हुए बढ़ा ...पर वहां भी स्मृति की जगह सन्नाटा ही पसरा था l नितिन सारे घर में उसे ढूंढ़ रहा... जो घर कभी बच्चों क़े होने पर छोटा लगता था अब वही घर उन दोनों को खाने को दौड़ता है l पार्थ पढ़ने दूसरे शहर गया और उसकी बहन की शादी हो गयी l एक साल में दोनों का जाना स्मृति क़े लिए आसान नही l तभी पार्थ के कमरे से हल्की रोशनी और सिसकियों की धीमी आवाज आती दिखी l नितिन ने कमरे क़े दरवाजे को अंदर की तरफ हल्का सा धकेला तो देखा पार्थ की टेबल पर मोड कर फेके कागजों का ढेर पड़ा था... कुछ कागज पंखे की हवा से उड़ कर जमीन पर भी गिर गए थे l स्मृति पार्थ की कुर्सी पर पीछे की ओर सिर टिका सिसक रही थी l नितिन ने उसके कंधे पर हाथ रखा तो वह अचानक नितिन को अपने सामने देख उससे कस कर लिपट गई और रोती हुई बोली,
"नहीं हो रहा नितिन मुझसे नहीं होगा..
नहीं लिख पा रही l कैसे लिख दूं उस दर्द को... उस पीड़ा को.. उस एहसास को जिसे सिर्फ लिखना भऱ नहीं अरे उसे तो हर पल... हर वक्त जीती हूं...उससे गुजरती हूं l हर शब्द लिखते वक्त ऐसा लग रहा है जैसे कोई मेरे जख्मों को फिर से कुरेद रहा है...उन्हें फिर से हरा कर रहा है l
नितिन स्मृति की बात आधी अधूरी समझा l उसे चुप कराते हुए वो बोला,
" पहले तो तुम रोना बंद करो फिर बताओ ऐसा क्या लिखना है जिसे लिखने से तुम्हारा यह हाल हो रहा है l अरे मत लिखो अगर इतनी ही तकलीफ हो रही है तो ",
स्मृति उन कागजो पर सरसरी सी नजर दौड़ाते हुए बोली,
" नितिन आज संपादक जी का फोन आया मुझे "एम्प्टी नेस्ट "पर कहानी लिखने को कहा ",
कहानी का शीर्षक सुन नितिन सब समझ गया l वह स्मृति को समझाता हुआ बोला,
"अरे अच्छा है ना इस विषय पर ना तुम्हें कल्पना करनी... ना कोई भूमिका बनानी है बस खुद को उतारना है",
स्मृति पार्थ और अपनी बेटी की तस्वीर की तरफ देख बोली,
" नितिन ये इतना आसान नहीं है पहले मुझे भी लगा ये विषय या कहानी थोड़े ना है ये तो वो जिंदगी है जिसे मैं जी रही हूँ... लिख देती हूं पर नहीं लिख पा रही ",
अपने बच्चों की तस्वीर पर हाथ फेरते हुए वो बोली,
"खाली घोसले में बैठ खाली घोंसले को लिखना ऐसा है जैसे कलम को स्याही में डुबो कर नहीं खुद के जख्मों से रिस्ते खून में डूबो लिखना है.. नहीं लिख पा रही नितिन मैं ",
नितिन उन कागजो को समेटता हुआ बोला,
"तो मना कर दो संपादक जी को",
स्मृति ज़मीन पर गिरे कागजो को उठाते हुए बोली,
" नहीं कर सकती मैंने कमिटमेंट कर दिया है ",
नितिन उन कागजो को डस्टबिन में फेकता हुआ बोला,
" ऐसा करो अभी तुम आराम करो हम सुबह सोचते हैं",
स्मृति के सोने के बाद नितिन सोच रहा आखिर कैसे स्मृति की कलम इस विषय पर ठीक ऐसे ही चले जैसे हर विषय पर चलती है l करवट बदलते ही उसकी नजर बच्चों की तस्वीर पर गयी पहले बच्चे जब घर पर होते तो स्मृति उन पर कितना चिल्लाती थी,
"अरे तुम लोग समझते क्यों नहीं लिखने के लिए मुझे एकाग्रता चाहिए होती है ऐसे शोर में कहां से आएगी एकाग्रता ",
और कल ही वीडियो कॉल पर अपने बच्चों से कह रही थी,
" मुझे लगा तुम्हारे जाने के बाद लिखने में मन लगाऊंगी...अब एकाग्रता के लिए किसी को डांटना भी नहीं l पर सच कहूं तुम्हारे उस शोर से ज्यादा शोर तो मेरे भीतर बैठे सन्नाटे ने मचाया हुआ है लाख कोशिश करने पर भी एकाग्रता आ ही नहीं पाती है ",
तभी नितिन की नजर खिड़की क़े बाहर पेड़ पर बनाये चिड़िया क़े घोसले पर गयी... अँधेरे में भी वो घोंसला उसे नजर आ रहा था बस जैसे उसे अपने सवाल का जवाब मिल गया और वह सुकून के साथ सो गया l
अगले दिन बाहर चिड़ियों क़े घोसले से आती चहचहाहट की आवाज से नितिन की आँख खुली देखा...स्मृति उसके बगल में नहीं थी l शायद चाय बना रही होगी वह रसोई में गया और स्मृति को डायरी पेन दे उसे बाहर ले गया l स्मृति बोली,
" कहां ले जा रहे हो नितिन और यह डायरी...अभी नहीं लिख पाऊंगी मेरा सिर भारी है मुझे चाय पीने दो पहले",
नितिन ने स्मृति को पेड़ के नीचे रखी कुर्सी पर बिठाया l घोंसले से नन्हे चूजों की ची ची की आवाज पूरे बगीचे में गूंज रही थीं l नितिन बोला,
इस घोंसले के नीचे अपने घोसले को लिखने में आसानी होगी ",
स्मृति ने एक नजर नितिन को देखा और एक नजर घोसले को और वह बिना कुछ कहे तुरंत लिखने बैठ गयी l नितिन रसोई में चाय बनाने आया तो देखा स्मृति के फोन पर पार्थ की वीडियो कॉल है l नितिन क़े फोन उठते ही वो बोला,
"पापा मम्मी फोन क्यों नहीं उठा रही",
नितिन ने फोन की स्क्रीन पर कैमरे को फ्लिप किया और स्मृति की तरफ कर कर उसे सारी बात बताई l पार्थ और नितिन देख रहे उन नन्हे चूजों क़े शोर में किस एकाग्रता से स्मृति की कलम चल रही थीं l
No comments:
Post a Comment