'दीदी पापा अब इस दुनिया में नहीं रहे'I
सुबह-सुबह नव्या के मोबाइल पर उसके छोटे भाई प्रतीक का फोन आया I नव्या की आंख से दो बूंद आंसू ढुलक कर उसके गालों को भिगो गए I आज नव्या बिल्कुल अनाथ हो गई थी I मां को तो इस दुनिया से गए चार साल हो गए I बस एक पापा का ही सहारा था I अब वह भी चले गए I
पर दिल के एक कोने में थोड़ी राहत भी मिली I इसी बहाने पर उनको अपने अकेलेपन से मुक्ति मिली और नव्या को उनकी चिंता से I मम्मी के जाने के बाद पापा बिल्कुल अकेले हो गए थे I एक सख्त,मजबूत इंसान को कमजोर,असहाय, लाचार,इंसान में बदलते देखा था नव्या ने I कभी कभी तो उसे यकीन नहीं होता था जिन पापा की आंख में बचपन से आज तक आंसू की एक बूंद नहीं देखी, अब फोन पर बात करते-करते जरा जरा सी बात पर रो पड़ते हैं I नव्या कितना समझाती थी उन्हें, पर वह तो एक मासूम बच्चे से बन गए थे I सच में तो उनकी ताकत माँ थी, उनके जाते ही कितना कमजोर बन गए, नव्या ने महसूस किया था I
नव्या ने अपने दो जोड़ी कपड़े बैग में डालें और पापा को अंतिम विदा देने चल दी I उसके पति टूर पर गए थे,वो वही से पहुँच जायेंगे I नव्या ने उन्हें फ़ोन कर बता दिया था I टैक्सी उन्होंने ही बुक करा दी थी I नव्या गाड़ी में बैठ गई, गाड़ी अपनी गति से दौड़ रही और नव्या पापा की यादो में दौड़ रही I
कितनी बार तो नव्या झल्ला भी जाती थी,
'क्या पापा बिना बात के रोने लग जाते हो, थोड़ी तो हिम्मत से काम लो 'I
कितनी बार वह पापा को बहाना बनाकर फोन रख देती, क्योंकि मालूम था वह अपना अकेलापन और दुखड़ा ही बताएँगे I नव्या थक जाती थी सुन सुनकर I कभी-कभी तो फोन करने में भी घबराहट होती थी I हर थोड़े दिन में पापा उसे अपने पास बुलाते तो वह कहती,
' पापा अब मेरी दोहरी जिम्मेदारी है, मैं जब मन हो तब उठकर नहीं आ सकती',
पर सच में तो अब तो वह फुर्सत में भी वहां नहीं जाना चाहती थी I क्यूंकि जो मायका मां के होने पर उसके लिए सुकून और आराम की जगह होती थी, जहा सारी जिम्मेदारियों से मुक्ति मिलती I पर अब मां के नहीं होने पर वह घर काटने को दौड़ता I फिर पापा तो जैसे उसके आने का इंतजार करते,
' बेटा मेरी कमीज का बटन टूट गया,मेरे चश्मे का शायद नंबर बढ़ गया,आँखे चेक करा दे, घर के पर्दे कितने गंदे हो रहे हैं दूसरे बदल दे 'Iइन सब से खीज होने लगती उसे I
उसको लगता पापा से कहे ,' भाई आता है तो भाभी और भैया उनको क्यों नहीं कहते' I पर मन मार कर रह जाती कही उनको बुरा ना लग जाये I वो तो जैसे नव्या के आने का ही इंतजार करते थे और उसके सामने बिल्कुल बच्चे बन जाते थे I इन थोड़े से दिन में नव्या से अपनी सारी फरमाइशें पूरा करवाना चाहते थे I
नव्या ने अपने मन के कोने में एक बात दबा रखी थी, जिसको खुद भी झूठलाती और भूल से भी दिल में नहीं लाना चाहती I पर आज जब पापा नहीं रहे तो वो बात भी जेहन में आ ही गयी I कभी-कभी तो उसे लगता था काश की मां की जगह पापा... ऐसा नहीं कि वह अपने पापा से प्यार नहीं करती थी,बहुत ज्यादा I पर वो उनको इतना असहाय नहीं देख सकती I फिर माँ से वो कितनी बातें कर सकती थी पापा से नहीं कर सकती I याद हैँ उसे जब माँ थी तो कितना गुस्सा करती थी,
' तुम बाप बेटी पता नहीं क्या खिचड़ी पकाते हो, मुझसे तो मेरी बेटी बात ही नहीं करती' I सच किसी के खोने पर क्यों उसकी कमी लगती हैँ, गर उसके होने पर ये अहसास रहे तो बाद में कुछ मलाल तो ना रहे I
सच में उम्र के इस दौर में औरत तो फिर भी घर गृहस्थी में समय बिता लेती है, रो कर अपना दुख दूर कर लेती है, पर आदमी तो बिल्कुल असहाय ही हो जाता है I घर का ऐसा फालतू सामान बन जता हैँ जिसके होने ना होने से शायद किसी को फर्क भी ना पड़े I
अपनी सोच में डूबी कब उसका घर आ गया पता ही नहीं चला I घर में बहुत भीड़ जमा थी I नाते रिश्तेदार सब इकट्ठे थे I नव्या पापा को इतना शांत देख कितना दुखी थी I कहा तो उसके आते ही कितनी बातें लेकर बैठ जाते, जो इतने समय से इकट्ठी करके रखते थे I माँ के बाद नव्या से ही तो वो अपने दिल का हाल कहते थे I
पापा के दाह संस्कार के बाद घर में भैया भाभी नव्या और उसके पति रह गए I नव्या के भाई ने पापा की एक डायरी और कुछ चीजें, जिनमे उनकी पुरानी घड़ी जो नव्या ने उनके जन्मदिन पर उन्हें दी थी, (कब से बंद पड़ी है पर पापा ने कितना सम्भाल कर रखा हैँ), नव्या की बचपन की गुड़िया, ( कितनी जिद करी थी उसने इस गुड़िया के लिए, माँ ने डांटा भी कितनी महंगी है,पर पापा ने उसको लाकर दी थी, )वो सब नव्या को दी I पापा की इच्छा थी कि यह उसे ही दे I
एक बार नव्या को लगा भी कि क्या बेकार की चीजें हैँ , वो कहां तक संभालेगी Iफिर भी उसने पापा कि अमानत समझ अपने बैग में रख लिया I बारह दिन बिता वह अपने घर आ गई l कुछ दिन बाद जब वह अपना बैग खाली कर रही तो पापा की डायरी हाथ लग गयी Iउत्सुकता में उसे खोला, मां के जाने के बाद रोज़ वो माँ को एक खत लिखते थे,
' प्यारी सुमन तुम तो मुझे छोड़ गई, पर नव्या के रूप में खुद को मुझे सौप गयी I जब भी उसे देखता हूं तो लगता है तुम मेरे पास हो I जैसे तुम मेरा ख्याल रखती थी वह भी मेरा ख्याल रखती है I पर आजकल थोड़ा व्यस्त रहती है,फ़ोन पर भी उससे सही से बात नहीं हो पाती है I कितना कुछ होता हैँ कहने को, पर उसकी व्यस्तता के कारण उसको बता ही नहीं पाता I
नव्या के दिल में हूक सी उठी I पापा वो कहा आपसे सही से बात करती थी I उसको तो झल्लाहट होती थी आपसे बात करते I उसने आगे पढ़ना शुरू किया,
'कितना सोचता हूँ उसे परेशान नहीं करू I पर क्या करूं, उसको नहीं कहूंगा तो किससे कहूंगा I इस बार वो आएगी तो उससे गाजर का हलवा बनवायूँगा I तुम्हारे जाने के बाद तो वह स्वादिष्ट हलवा खाने को नहीं मिला I तुम्हारे हाथों का जादू है उसके हाथों में भी Iआज उससे शिकायत भी करूँगा फोन पर, कितने दिन हो गए उसे घर आये I अब बहू को तो बात बात पर परेशान नहीं कर सकता ना I वैसे तो वो भी मेरा बहुत ध्यान रखती हैँ पर नव्या को तो हक से कह सकता हूँ,जैसे तुमसे कहता था I तुम्हारी तरह वो भी झललाती हैँ मुझ पर,फिर भी मुझे पता है मुझसे बहुत प्यार करती हैँ' I
नव्या एक एक शब्द पढ़ फूट फूट कर रो रही I सच कितनी खुदगर्ज हो गयी वो, केवल उसने अपनी मजबूरी देखी, अपना दुख देखा I पापा कितने अकेले हो गए, कितना कुछ कहना चाहते थे I पर उसके पास उनसे बात करने का भी समय नही था I छोटे बच्चे के रूप में उनको नव्या का सहारा चाहिए था, पर वह सहारा भी कहां बन पाई I नव्या उस डायरी को अपने सीने से लागये फूट फूट कर रो रही,काश कि ऐसे पापा को सीने से लगाया होता जब उनको जरुरत थी I
समाप्त ✍️✍️✍️
No comments:
Post a Comment