Jindagi ek unsuljhi paheli

https://www.blogger.com/blogger.g?blogID=109319055420907736#pageelements

Saturday, 5 September 2026

बूढ़ी औरते (कविता)



इकट्ठी हो गई वहां कुछ बूढ़ी औरतें एक साथ,

एक दूसरे का हाल पूछने के बाद कोई अपनी बता रहा तो कोई अपनी सुना रहा,

पता नहीं वहां दिल खुल रहे, मन खुल रहे या सिर्फ मुंह खुल रहा,

कोई कह रहा,


" कैसी लगने लगी तू कितनी बुढ़ा गई" तो कोई कह रहा,


"तू भी तो देख कितनी कमजोर हो गई" 


तभी वहां खड़ी एक बूढी औरत बोली,


" अच्छा है ना जितना कमजोर होंगे उतना अच्छा... ले जाने वाले को ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ेगा",


जैसे ही यह शब्द मेरे कानों में पड़े मै सन्न हो गयी...इतनी बड़ी बात कहने को कलेजा कितना पक्का करना पड़ा होगा उस कमजोर बुढ़ाये शरीर को,

ओर यह सिर्फ शब्द नहीं.. दर्द है,सत्य है, सच्चाई है, डर है, एक अंदेशा है कि अब अंत करीब है...कब किसका नंबर आ जाए पता नहीं,

मेरा मन हुआ कहूं जाकर उनको,


" मत कहो ऐसा...इतना दर्द जीवन में पहले ही है.. कम से कम बातों में तो मत घोलो ",


.. और उस निराश मन को ये कह थोडा सुकून ओर तसल्ली दू,


" क्या हुआ अगर थोड़ी तंदुरुस्त भी हुई तो ले जाने वाले को परेशानी तुम्हे उठाने से नहीं होगी पर हां तुम्हारे जाने से जरूर होगी",


पर पता नहीं क्यों नहीं कह पाई...कुछ नहीं कह पाई,

बस देखती रही उन चेहरों को..उन आंखों को..  चेहरों पर पसरे उनके दर्द को,कुछ गीली पनीली सी आंखों को, जो जीवन के अंतिम सत्य को स्वीकार कर रही हैं या फिर स्वीकार करना पड़ रहा है,

इस तरह मिल रही है जैसे क्या पता किसकी अब आखिरी मुलाकात है, किसकी जाने की अब अगली कोई बात है,

उन बूढ़ी औरतों की दुनिया न जाने क्यों मुझे कुछ थमी सी लगी,

भागते हुए इस जमाने के आगे जैसे उनकी कहानी कुछ पुरानी और उपेक्षित सी लगी l


रीशा गुप्ता ✍🏻✍🏻

No comments:

Post a Comment