श्रुति अँधेरी गलियों में इधर से उधर भाग रही...पर हर गली का अंत अंधेरे पर हो रहा... जहां कुछ नहीं दिखाई दे रहा... हाथ को हाथ नहीं सूझ रहा... क्या करें वह... कहां ढूंढे अपना घर...इस अंधेरे में कैसे उसे उसके घर का रास्ता दिखेगा... वह आते-जाते लोगों से अपने घर का रास्ता पूछ रही... पर लोग उसे ऐसी नजरों से देख रहे जैसे वह कोई पागल हो और बच्चे उसे देख ताली बजा कर हंस रहे... "इतनी बड़ी आंटी है पर इन्हें खुद के घर का रास्ता ही नहीं पता",
अचानक उसे निलेश दिखा ... इस अंधेरे में...इस अनजान भीड़ में अपने निलेश को देख मानो उसकी सांस में सांस आई पर निलेश की नजर उस पर नहीं थी...उसने भाग कर पीछे से उसकी शर्ट को कस कर पकड़ लिया कही इस अँधेरे में निलेश उसकी नजरों से ओझल ना हो जाये.. वो बदहवास सी बोली...
"निलेश मैं खो गई...कहां है मेरा घर कहां है मेरे घर का रास्ता...मुझे मेरे घर ले चलो... मेरा घर कहां है... कहां है वह रास्ता जो मेरे घर की ओर जाता हो ",
श्रुति...श्रुति ये क्या बोल रही हो कहा खो गयी.. किसके घर का रास्ता पूछ रही हो...अरे तुम अपने घर में ही तो हो",
निलेश झिंझोड़ कर श्रुति को जगा रहा...श्रुति पसीनो से लथपथ अपने कमरे के बिस्तर पर थी...उसने आंख खोल कर देखा निलेश एक हाथ से उसके पसीने पोंछ रहा... और दूसरे हाथ में पानी का गिलास था l श्रुति उठ कर बैठ गयी l निलेश अपने हाथों से उसे पानी पिलाने लगा और बोला...
" फिर वो ही सपना देखा क्या... क्यों आता हैं तुम्हें बार-बार यही सपना... इतना मत सोचा करो...दिमाग को थोड़ा आराम दो... बेकार की बातें सोच अपनी तबियत ख़राब कऱ लोगी ",
श्रुति समझ गई आज भी उसने वही सपना देखा जो लगातार कितने महीनो से उसे रातों को डरा रहा है l वह फिर से सोने की कोशिश करने लगी क्योंकि सुबह बस होने को ही है l
श्रुति अपने घर के कामों में लगी थीं...रसोई में आज उसने क्रोकरी की जगह थोड़ी बदल दी...उसका मन हो रहा था जगह बदलने का... छोटे-छोटे बदलाव रोज के एकरस और नीरस दिनचर्या को उबाऊ होने से बचाते हैं l तभी कामिनी जी रसोई में पानी पीने आई... अपना गिलास जगह पर नहीं मिला तो वह इधर-उधर ढूंढने लगी l श्रुति उन्हें गिलास पकड़ाती हुई बोली,
"ये रहा मम्मी आपका गिलास मैंने ही आज जगह बदल दी ",
कामिनी जी थोड़ा सख्त लहजे में बोली...
"श्रुति मेरी रसोई में मुझे छेड़छाड़ या बदलाव बिल्कुल पसंद नहीं...जो चीज जहाँ रखी है उसे वैसे ही रहने दो ",
श्रुति अपनी बात रखती हुई बोली,
" पर मम्मी समय समय पर छोटे मोटे बदलाव करते रहना चाहिए",
कामिनी जी गिलास को सिंक में रखते हुए बोली..
" मेरी बरसो की जमाई गृहस्थी है...कोई ऐसे ही नहीं बदल सकता... अगर इतना ही बदलाव का शौक है तो अपने कमरे में करो ",
श्रुति का सारा जोश आंसुओं में तब्दील हो आँखों से बहने गया l दिन के काम खत्म कर वह कमरे में थोड़ा आराम करने चली गयी पर जब कमरे का ए. सी. भी आज उसके अंदर की गर्मी और घुटन शांत नहीं कर पा रहा तो वह घबरा कर थोड़ी देर बाहर बरामदे में आ गयी l घर में लगे लॉन को देख उसका मन खिल उठा और वह उठ कर पेड़ पौधों को संभालने लगी l होंठो पर मनपसंद गीत गुनगुनाते हुए वह पेड़ पौधों के सूखे पत्तों को हटा रही और कुछ गमलो की जगह बदलने लगी तभी उसके ससुर जी वहां आ गए और बोले..
"बेटा मेरी लॉन में यह तुम गमलो की जगह मत बदलो..मुझे मेरी लॉन में किसी की दखलअंदाजी पसंद नहीं.. ऐसा करो तुम अंदर जा कर आराम करो",
श्रुति बुझे मन से अंदर अपने कमरे में आ गई... बेचैनी से वह करवटे बदलने लगी... उसका फूट फूट कर रोने का मन हो रहा... लगा निलेश को फोन करें पर मोबाइल पर बढ़ते हाथ अचानक थम गए ... जानती थीं कोई फायदा नहीं.. निलेश वही रटी रटाई बातें बोलेंगे..
" क्यों सोचती हो इतना ये तुम्हारा भी तो घर है तुम्हें जैसा रहना है... जो करना है करो...कोई तुम्हें कुछ नहीं कहेगा... तुम अपने हिसाब से रहो",
हार कर वह आंख बंद कर सोने का उपक्रम करने लगी l कही उसकी घुटन... उसकी बेबसी...उसके घर का सपना तो रात को उस डरावने सपने में नहीं बदल जाता.. जहां उसे घर में हो कर भी अपने घर का रास्ता नहीं मिलता.. क्या वाकई कभी मिलेगा उसे उसके घर का रास्ता... या फिर यह डरावना सपना बन कर ही रह जाएगा... पर श्रुति के पास अपने किसी भी सवाल का कोई जवाब नहीं था l
रीशा गुप्ता ✍🏻✍🏻
No comments:
Post a Comment