“भागो रेलगाड़ी आने ही वाली है",
सात साल का नीरज और उसके सारे दोस्तों की टोली एक दूसरे का हाथ पकड़ पटरियों से तब तक दूर भागते रहे जब तक आश्वस्त नहीं हो गए कि वह सुरक्षित जगह पर पहुंच गए l जैसे ही उनकी दौड़ रुकी तो उनकी सांसों की तेज दौड़ शुरू हो गई l तेज गति से भागने की वजह से सबकी सांसे धोकनी की तरह चल रही थी l तभी धड़ाधडाती रेलगाड़ी वहां से जैसे ही गुजरने लगी हाफ्ते बच्चे सारी थकान उसी क्षण भूल गए और सबने अपनी एक हथेली होंठो पर खड़ी मुद्रा में चिपका ली और दूसरे हाथ से एक दूसरे की कमर पकड़ रेलगाड़ी के डब्बो की तरह भागने लगे l सबके मुँह से एक सुर में छुक छुक छुक छुक की आवाज निकलने लगी l जब तक ट्रेन उनकी आंखों के सामने से गुजर रही थीं तब तक उनकी ट्रेन भी छुक छुक भागती रही l जैसे ही रेलगाड़ी नजरों से और कानो से ओझल हुई सब खिलखिला कर हंस पड़े l कितनी निश्चल हंसी थी वह...कितना सुकून, कितनी खुशियां थी उस हसीं में l इसका कारण शायद यही था कि उन्होंने उस पल को जी भर कर जिया...सब कुछ भूल सिर्फ और सिर्फ उस पल को जिया l सच कितना मासूम... कितना बेफिक्र होता है यह बचपन l तभी नीरज का दोस्त बोला,
"नीरज इस तरफ से तेज भजनो की आवाज आ रही है... सडक के दूसरी तरफ से आते-जाते ट्रैफिक का इतना शोऱ..सामने उस घर में तेज आवाज में बजता लाउडस्पीकर... आखिर तुझे इस शोर में भी कैसे पता चल जाता है की ट्रेन आने वाली है",
नीरज हस कर बोला,
"मैं सिर्फ और सिर्फ अपना सारा ध्यान पटरियों पर लगा लेता हूं... जब मेरा सारा ध्यान पटरियों की गूंज पर टिका होता है तब आसपास का शोर मुझे अपने आप सुनाई देना बंद हो जाता है l चलो अब शाम होने को है घऱ चलो",
और सब बच्चे मस्ती करते घर की और रवाना हो जाते l
ट्रेन झटके से रुकी शायद कोई स्टेशन आया था... कोई छोटा सा कस्बा था इसलिए ट्रेन यहाँ ज्यादा देर नहीं रुकेगी l स्टेशन पर भी कोई इक्का दुक्का ही लोग थे l रात का समय था ट्रेन के डिब्बे में सब गहरी नींद में सो रहे थे l आखिर कुछ मिनट में ही ट्रेन ने फिर से गति पकड़ ली l इधर नीरज लाख कोशिश कर रहा पटरियों से गुजरती ट्रेन की आवाज सुन सके पर जो नीरज बचपन में दूर से आती ट्रेन की आवाज को पटरियों की गूंज में सुन लेता आज उसी नीरज के भीतर का शोर इतना ज्यादा था कि चाह कर भी वह पटरियों पर चलती ट्रेन की तेज आवाज रात के इस सन्नाटे में भी नहीं सुन पा रहा था l अगर उसके बचपन के दोस्त मिल जाये तो इस बात पर यकीन भी ना कर पाए l नीरज की आंखें भीग गयी जिसे पोंछने की उसने कोशिश भी नहीं की क्युकि यहाँ कोई नहीं था जो उसकी भीगी आँखे देख सके और वो भी यही चाहता था l वो सोचने लगा एक बचपन था जब इतने शोर में भी पटरियों की गूंज पर ध्यान अटक जाता और आज कितनी कोशिश कर रहा हूं ध्यान लगाने की पर जिंदगी की उलझनों ने इस हद तक उलझा दिया कि नीरज का ध्यान खुद से निकलने ही नहीं दे रही... शायद उसकी उलझनों का शोर हर शोर पर भारी पड़ रहा है l नीरज ने आंखें मूँद ली और खिड़की के सहारे सिर टिका दिया.. मन ही मन सोचने लगा काश कुछ देर को बचपन में चला जाऊं... हर उलझन को भूल सिर्फ पटरियों की गूंज सुन सकू... भूत, वर्तमान, भविष्य सबको भूल सिर्फ उस पल को जी लूं.. महसूस कर सकू l पर काश काश ही होते हैं... एक मृगतृष्णा की तरह l
रीशा गुप्ता ✍🏻✍🏻
No comments:
Post a Comment