Jindagi ek unsuljhi paheli

https://www.blogger.com/blogger.g?blogID=109319055420907736#pageelements

Saturday, 19 September 2026

मुख्य पृष्ठ (कविता )

 अखबार में भीतर के पृष्ठ क़े कोने क़े एक छोटे से कोने में खबर थी,

" एक स्त्री अपने पति के हाथों मारी गई ",

खबर ने मात्र इतनी भर जगह  घेरी की खबरों पर सरसरी नजर डालने वालों की नजर तो शायद इस खबर तक ठीक से पहुंची भी नहीं  होगी,

अगले दिन ठीक ऐसी ही खबर जहां कोई और स्त्री अपने पति के हाथो तक़रीबन ऐसे ही हादसे का शिकार हुई,

आज भी ये खबर भीतर के पृष्ठ क़े एक कोने क़े छोटे से कोने को घेरे थीं ,

फिर एक दिन अखबार क़े मुख्य पृष्ठ पर मोटे-मोटे अक्षरों में खबर आई,

'एक स्त्री ने अपने पति को मार कर अपने घर क़े पीछे है गाड़ दिया,

अखबार का मुख्य पृष्ठ तो इस खबर को घेरे ही था,

भीतर क़े कई पृष्ठो पर इस खबर को विस्तार देती ऐसी खबरों की ही चर्चा थीं,

समाज कहा जा रहा, नारी को छूट देने क़े नतीजे और पुरुषो में बढ़ता भय जैसे कई सर्वे हुए, 

पलक झपकते ही यह खबर जंगल की  आग की तरह लोगों के बीच फैल गई,

ऑफिस, चाय की थड़ी, नाई की दुकान,  गली चौराहे और तक़रीबन हर घर में चर्चा का मुख्य विषय..

" क्या हो गया आज की नारी को.. जरा भी दया और रहम नहीं,

और अब तो पुरुष जाति बेचारी डरने लगी शादी के नाम तक से ,

इससे तो कुंवारे ही अच्छे हैं,

अगले दिन फिर रोज की तरह वही आम सी खबर भीतर के पृष्ठ क़े एक छोटे से कोने में,

"एक स्त्री फिर ऐसे ही हादसे का शिकार हो पति क़े हाथो मौत के मुंह में समा गई ",

मैं हैरान थी जो खबर मुख्य पृष्ठ पर महीने क़े समस्त दिन में से बामुश्किल से एक दिन आई,

उससे समस्त पुरुष जाति है घबरा गयी,

पर जो खबर भीतर क़े पेज पर तक़रीबन रोज है आ रही,

फिर भी नारी बिना झिझक और भय के सात फेरों के बंधन में बंधती है जा रही ,

नारी में भी पुरुष की भाँति डर पैदा हो सके,

उसकी कोने में सिमटी खबर को भी मुख्य पृष्ठ पर क्या लाना होगा   l


(मैं यहाँ मुख्य पृष्ठ की खबर को जायज नहीं ठहरा रही बस भीतर क़े कोने में सिमटी खबर को भी उतनी जगह घेरने की गुहार हूँ लगा रही )



Tuesday, 15 September 2026

जड़

 नगर निगम की गाड़ी घर क़े बाहर बड़ी सी कटर मशीन क़े साथ आ चुकी थीं l  डोर बेल बजने पर प्रथम ने खिड़की से बाहर देखा l गाड़ी पर नजर पडते ही वह पैरों में चप्पल पहनते  हुए माधवजी से बोला,


" पापा पेड़ काटने मजदूर आ गए  मैं बाहर जा रहा हूं ",


माधव जी अखबार में नजरे गड़ाए बुझी सी आवाज में बोले,


"बेटा ध्यान से कटवाना और जब पेड़ गिरे तो आसपास का ट्रैफिक रुकवा देना",


पता नहीं प्रथम  ने माधव जी की पूरी बात सुनी या नहीं वो तो उनके बोलने से पहले ही बाहर जा चुका था l पीछे-पीछे प्रथम का नौ साल का बेटा शौर्य भी था l यह सब बातें सुनना... देखना उसके लिए कौतुहल का विषय जो था l बाहर मजदूर ट्रेन से मशीन उतार बिना देर किये अपने काम में लग गए l 


कितने अरमानों से माधव जी ने बरसो पहले घर क़े बाहर ये पेड़ लगाया था... पेड़ ने भी अपनी तरफ से बरसो  तक  माधव जी क़े अरमान पूरे करने में कोई कसऱ नहीं छोड़ी  भरपूर  फल फूल कर और छाया बिखेर कऱ l पर कुछ समय पहले अचानक से जाने कैसे हरा भरा पेड़ ठुठ में बदल गया... ऐसा सूखा कि फिर कोई खाद... कोई औषधि काम नहीं आई जैसे उसकी जीने की इच्छा ही खत्म हो गयी l पेड़   टूट कर कभी अचानक से गिर पड़े और जिस मकान को बरसो बरस छाया दी उसे गिरते गिरते नुकसान पहुचाये या किसी पर गिर कोई अनहोनी हो इसलिए सब ने इसे कटवाने का निर्णय लिया l 


माधव जी की  तो हिम्मत ही नहीं हो रही थी ये काम करने की इसलिए प्रथम के घर आते ही उसे यह जिम्मा सौंप दिया l यही वजह है जो वह बाहर नहीं आए आखिर अपने हाथ से लगे पेड़ को कटते  देखते भी कैसे   l पेड़ भी  ठूठ में बदलने क़े बावजूद जब तक खड़ा रह सकता था खड़ा रहा .. अपने मलिक क़े अरमानो को  तोड़ने का इल्जाम वो अपने हाथ नहीं लेना चाहता था या उसमे इतना साहस नहीं था इसलिए दूसरों का सहारा लिया और बस जरा सी कोशिश से ही धड़ाम से गिर गया...जैसे वो भी इसी इंतजार में था अब और ज्यादा खड़े रहने की ताकत नहीं बची उसमे.. बस उसे गिराने में ज्यादा मेहनत की जरूरत ही नहीं पड़ी l 


पेड़ कटते ही मजदूर मशीन को गाड़ी में चढ़ाने लगे l प्रथम मजदूरों को पैसे दे रहा था कि उसका बेटा शौर्य उस पेड़ की जड़ दिखाते हुए बोला,


"पापा इन अंकल ने पेड़ की जड़ तो  काटी नहीं ",


मजदूर गमछे से अपना पसीना पोंछता हुआ शौर्य से बोला,


"अरे बबुआ जड़ है जिद्दी है यह अपनी जगह से इतनी आसानी से नहीं हिलने वाली",


शौर्य क़े लिए मजदूर की बात समझ से परे थीं उसकी नजर तो अब भी जड़ पर ही टिकी थीं l माधव ने मजदूर को पैसे दिए और शौर्य की जिज्ञासा शांत करते हुए बोला,


"बेटा जड़ है यह कभी अपनी जमीन नहीं छोड़ती... यही लगी है यही गल कर खत्म हो जाएगी",


शौर्य अब भी एकटक उस जड़ को देख रहा था l प्रथम की नजरे भी बेटे की नजरों का पीछा करती जड़ तक चली गयी और अचानक   ही तीन-चार दिन पहले माधव जी और उसक़े बीच  हुई गरमा गरम बहस फिर से उसके मन मस्तिष्क में गूंजने लगी l प्रथम को अमेरिका गए पूरे दस साल हो गए... साल में एक बाऱ तो  कम से कम वह इंडिया का चक्कर लगाता ही था l  पिछले साल ही माँ उसे और माधवजी को अकेला छोड़ इस दुनिया से चली गई l तब से प्रथम माधव जी पर दबाव डाल रहा है उन्हें अपने साथ  चलने के लिए पर माधव जी टस से मस नहीं हो रहे... एक ही जिद पकडे बैठे है..


"यही जिया हूं यहीं  मरूंगा l जब प्रथम  समझ गया माधवजी को समझाना आसान नहीं  तो उसने भी  गुस्से में कह दिया,


"पापा आप तो  जिद् पकड़ कर ही बैठ गए अरे इतना जिद्दी तो आपका पोता भी  नहीं है ",


अपने अंदर भरा सारा गुबार और पापा क़े प्रति चिंता माधव जी का हट देख अब गुस्से में बदल चुका जिसका परिणाम उसके मुँह से गुस्से क़े रूप में निकला,


"अरे खुद ही का सोचते हो कभी मेरे लिए सोचा l मुझे दिन रात आपकी कितनी चिंता रहती है... अब मैं आपकी एक नहीं सुनूंगा आपको हमारे साथ चलना ही होगा ",


इस दफा माधवजी ने अपने बेटे की बात का प्रतिकार तो नहीं किया पर बिल्कुल खामोश और गुमसुम हो गए l उनकी आंखें निर्विकार हो गई जहां कोई भाव नहीं l उस बहस के बाद से उनके सोने उठने का कोई समय नहीं l किसी भी समय  घर में घूम कभी दीवारों को छूते तो कभी  फर्श पर ही लेट जाते जैसे घर को छोड़ने से पहले उसे महसूस कर रहे ... उसे अपने भीतर थोड़ा थोड़ा भर रहे  l 


प्रथम पापा की भावना समझ रहा था पर हालात क़े आगे बेबस था l माँ थीं तब तक फिर भी थोड़ा बेफिक्र था पर अब ऐसे पापा को अकेले... नहीं उसे पापा की बेहतरी क़े लिए कठोर निर्णय लेना ही होगा l 


तभी सडक पर आते जाते वाहनों क़े शोर से प्रथम वर्तमान में आया l ये जड़ और पापा आज उसे कुछ कुछ एक जैसे लग रहे l जब ये जड़ ही अपनी जगह नहीं छोड़ रही तो पापा कैसे छोड़ेंगे वह भी तो आखिर इस घर की जड़ ही है l इधर बाल मान बहुत से प्रश्नों से घिरा था उन अनेक प्रश्नों में से एक प्रश्न उठाते हुए वो बोला


" पापा यह जड़  मशीन से भी नहीं हटेगी इतनी मजबूत है",


प्रथम गहरी साँस ले बोला,


" पता नहीं बेटा मजबूत है...जिद्दी है.. या फिर जमीन से जुड़ी है l यह तो स सिवा जड़ के कोई नहीं पहचानता ",


और वह शौर्य का हाथ पकड़ घर के भीतर जाने लगा असमंजस में पेड़ की जड़ को तो उसके हाल पर छोड़ दिया पर इस घर की  जड़ को कैसे छोड़े पर उसके पास इसका फिलहाल कोई जवाब नहीं था l पर ये जानता था जड़ भले जिद्दी हो... ज़मीन से जुडी हो या फिर मजबूत ही हो वो इस घर की जड़ को बाहर पेड़ की जड़ की तरह उसके हाल पर गलने क़े लिए तो नहीं छोड़ सकता l



खाली घोंसला

 खाली कमरे में उन सिसकियां की गूंजती वो जानलेवा आवाज  किसी पत्थर से पत्थर दिल को  मोम करने को काफ़ी थीं l उस सन्नाटे और जानलेवा चुप्पी को ये सिसकियाँ रह रह तोड़ रही वैसे उन सिसकियों का कारण  ये सन्नाटा ही तो है l दस पंद्रह डोर बेल और स्मृति के मोबाइल पर एक के बाद एक फोन के बाद  भी जब उसकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला तो आशंकित नितिन ने एक चाबी जो उसके पास रहती थी उससे घर का दरवाजा खोला और अंदर आ गया l स्मृति का फोन बाहर  ड्राइंग रूम में ही था शायद इसी वजह से स्मृति ने उसकी आवाज नहीं सुनी l पर ना तो फोन साइलेंट पर  था और ना उसकी रिंगटोन धीमी  थी फिर इस घर में इतना सन्नाटा है कि पिन गिरने की आवाज तक गूंजती है l कहीं सो तो नहीं गई...तबीयत तो ठीक है ना...  हजार आशंका मन में लिए नितिन बेडरूम  की तरफ आवाज लगाते हुए बढ़ा ...पर वहां भी स्मृति की जगह सन्नाटा ही पसरा था  l नितिन सारे घर में उसे ढूंढ़ रहा... जो घर कभी बच्चों क़े होने पर छोटा लगता  था अब वही घर उन दोनों को खाने को दौड़ता है l पार्थ  पढ़ने दूसरे शहर गया और उसकी बहन की शादी हो गयी l एक साल में दोनों का जाना स्मृति क़े लिए आसान नही l तभी पार्थ के कमरे से हल्की रोशनी और सिसकियों की  धीमी आवाज आती दिखी l नितिन ने कमरे क़े दरवाजे को अंदर की तरफ हल्का सा धकेला तो देखा पार्थ की टेबल पर मोड कर फेके  कागजों  का  ढेर पड़ा था... कुछ कागज पंखे की हवा से उड़ कर जमीन पर भी गिर गए थे l स्मृति पार्थ की कुर्सी पर पीछे की ओर सिर टिका सिसक रही थी l नितिन ने उसके कंधे पर हाथ रखा तो वह अचानक नितिन को अपने सामने देख उससे कस कर लिपट गई और रोती हुई बोली,


"नहीं हो रहा नितिन मुझसे नहीं होगा..

नहीं लिख पा रही l कैसे लिख दूं उस दर्द को... उस पीड़ा को.. उस एहसास को जिसे सिर्फ लिखना भऱ नहीं अरे उसे तो हर पल... हर वक्त जीती हूं...उससे गुजरती हूं l हर शब्द लिखते वक्त ऐसा लग रहा है जैसे कोई मेरे जख्मों को फिर से कुरेद रहा है...उन्हें फिर से हरा कर रहा है l 


नितिन स्मृति की बात आधी अधूरी समझा l  उसे चुप कराते हुए वो बोला,


"  पहले तो तुम  रोना बंद करो फिर बताओ ऐसा क्या लिखना है जिसे लिखने से  तुम्हारा यह हाल हो रहा है l अरे मत लिखो अगर इतनी ही तकलीफ हो रही है तो ",


स्मृति उन कागजो पर सरसरी सी नजर दौड़ाते हुए बोली,


" नितिन आज संपादक जी का फोन आया मुझे "एम्प्टी नेस्ट "पर कहानी लिखने को कहा ",


कहानी का शीर्षक सुन नितिन सब समझ गया l वह स्मृति को समझाता हुआ बोला,


"अरे अच्छा है ना इस विषय पर ना तुम्हें कल्पना करनी... ना कोई भूमिका बनानी है बस  खुद को उतारना है",


स्मृति पार्थ और अपनी बेटी की तस्वीर की तरफ देख बोली,


" नितिन ये इतना आसान नहीं है पहले मुझे भी लगा ये विषय या कहानी थोड़े ना है ये तो वो जिंदगी है जिसे मैं जी रही हूँ... लिख देती हूं  पर नहीं लिख पा रही ",


अपने बच्चों की तस्वीर पर हाथ फेरते हुए वो बोली,


"खाली घोसले में बैठ  खाली घोंसले को लिखना ऐसा है जैसे कलम को स्याही में डुबो कर नहीं खुद के जख्मों से रिस्ते खून में डूबो लिखना है.. नहीं लिख पा रही नितिन मैं ",


नितिन उन कागजो को समेटता हुआ बोला,


"तो मना कर दो संपादक जी को",


स्मृति ज़मीन पर गिरे कागजो को उठाते हुए बोली,


" नहीं कर सकती मैंने कमिटमेंट कर दिया है ",


नितिन उन कागजो को डस्टबिन में फेकता हुआ बोला,


" ऐसा करो अभी तुम आराम करो हम सुबह सोचते हैं",


स्मृति के सोने के बाद नितिन सोच रहा आखिर कैसे स्मृति की कलम इस विषय पर ठीक ऐसे ही चले जैसे हर विषय पर चलती है l करवट बदलते ही उसकी नजर बच्चों की तस्वीर पर गयी पहले बच्चे जब घर पर होते तो स्मृति उन पर कितना चिल्लाती थी,


"अरे तुम लोग समझते क्यों नहीं लिखने के लिए मुझे एकाग्रता चाहिए होती है ऐसे शोर  में कहां से आएगी एकाग्रता ",


और कल ही वीडियो कॉल पर अपने बच्चों से कह रही थी,


" मुझे लगा तुम्हारे जाने के बाद लिखने में मन लगाऊंगी...अब एकाग्रता के लिए किसी को डांटना भी नहीं  l पर सच कहूं  तुम्हारे उस शोर से ज्यादा शोर तो मेरे भीतर बैठे सन्नाटे ने  मचाया हुआ है लाख कोशिश करने पर भी एकाग्रता आ ही नहीं पाती है ",


तभी नितिन की नजर  खिड़की क़े बाहर पेड़ पर बनाये चिड़िया क़े घोसले पर गयी... अँधेरे में भी वो घोंसला उसे नजर आ रहा था बस जैसे उसे अपने सवाल का जवाब मिल गया और वह सुकून के साथ सो गया l 


अगले दिन बाहर  चिड़ियों क़े घोसले से आती चहचहाहट की आवाज से नितिन की आँख खुली देखा...स्मृति उसके बगल में नहीं थी l शायद चाय बना रही होगी वह रसोई में गया और स्मृति को डायरी पेन दे उसे बाहर ले गया l स्मृति बोली,


" कहां ले जा रहे हो नितिन और यह डायरी...अभी नहीं लिख पाऊंगी  मेरा  सिर भारी है  मुझे चाय पीने दो पहले",


नितिन ने स्मृति को  पेड़ के नीचे रखी कुर्सी पर बिठाया l घोंसले से  नन्हे  चूजों की ची ची की आवाज पूरे बगीचे में गूंज रही थीं l नितिन बोला,


इस घोंसले के नीचे अपने घोसले को लिखने में आसानी होगी ",


स्मृति ने एक नजर नितिन को देखा और एक नजर घोसले को और वह बिना कुछ कहे तुरंत लिखने बैठ गयी l नितिन रसोई में चाय बनाने आया तो देखा स्मृति के फोन पर पार्थ की वीडियो कॉल है l नितिन क़े फोन उठते ही वो बोला,


"पापा मम्मी फोन क्यों नहीं उठा रही",


नितिन ने फोन की स्क्रीन पर कैमरे को फ्लिप किया और स्मृति की तरफ कर कर उसे सारी बात बताई l पार्थ और नितिन देख रहे उन नन्हे चूजों क़े शोर में किस एकाग्रता से स्मृति की कलम चल रही थीं l 



Sunday, 6 September 2026

आँखे जो मौत देख सकती है

 मिश्राजी का भरा पूरा परिवार,  बेटे, पोते, पोती, बहुएँ  एक खुशहाल परिवार था! मिश्रा जी थे भी बहुत नसीब  वाले,  उनकी मर्जी के बिना घर में पत्ता भी नहीं हिल सकता था,  हर चीज उनसे  पूछे बिना नहीं हो सकती  थे, बेटे, बहुएँ, पोते, पोती,  हर काम में उनकी राय लेते, या मज़बूरी में लेनी पड़ती, घर की कोई चीज उनकी नजरों से बच नहीं सकती थी,कई बार  वह अपनी पत्नी को बोलते, 

'देखा मेरे  बच्चे कितने आज्ञाकारी  हैं आज के जमाने में भी हर चीज मेरी  इजाजत से ही करते हैं, नहीं तो आजकल के  बच्चों को तो तुम जानती ही हो' !


उनकी पत्नी ने कई बार उनको समझाया कि बच्चों को थोड़ी ढील दो,  उनको थोड़ी  आजादी दो, अब उनकी भी जिंदगी है, उनको  अपने हिसाब से जीने दो!

पर  मिश्रा जी कहते, 

' कि नहीं जब तक मैं हूं,  मेरी इजाजत के बिना कुछ नहीं होगा, अगर इनको ढील दी तो यह सब अपनी मनमानी से चलने लगेंगे '!


वे सोचते  यह घर उनके बिना चल ही  नहीं सकता! एक दिन मिश्राजी की  थोड़ी तबीयत खराब हो गई, सीने में थोड़ा दर्द था,  डॉक्टर को दिखाया,  कही  दिल का दौरा  तो नहीं, पर  भगवान की दया से गैस का दर्द था!सबने राहत की सांस ली !


रात को मिश्रा जी सोच रहे थे,  कल को मुझे कुछ हो गया तो यह सब किसके सहारे रहेंगे,  मेरे बिना तो रह ही नहीं पाएंगे,  सोचते-सोचते कब उनकी आंख लग गई,  सपने में उन्होंने  देखा, दिल के दौरे से उनकी मौत हो गई,  पूरा घर रिश्तेदारों से भरा था, उनकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था, उनके बच्चे दुनिया को दिखाने के लिए रो जरूर रहे थे, पर उनके चेहरे पर दुख नहीं था, जब सब  चले गए तो  बहुएँ बोली,

' अब राहत की सांस मिली है, अब  खुल कर जी पाएंगे , नहीं तो घुट घुट कर जी  रहे थे,'

बेटे बोले, 

' आज लगा रहा हैं की हम भी कुछ है, हमारा भी वजूद है  हम अपने परिवार को संभाल सकते हैं,'!


पोते पोती अपनी अपनी दुनिया में मस्त थे ! सब जैसे राहत की सांस ले रहे थे, मिश्रा जी के बिना ये  घर  बिल्कुल भी नहीं रुका, बल्कि जिस तरह जी रहे थे,  लग रहा था अब घर में खुशी है,  आजादी है,  जो उनके रहते कही   गायब थी!


अचानक  मिश्रा जी हड़बड़ा कर  उठ गए,  उनकी पत्नी की भी आँख खुल गई, उन्होंने  अपनी पत्नी को अपना सपना बताया तो उनकी पत्नी बोली, 

'मैं आपसे  कब से कहती हूँ,  बच्चों को आजादी दो, उनको जीने दो,  अगर आप ऐसा करोगे तो जो  सपना  देखा है, शायद वो जीते जी देख लो '! 


मिश्रा जी मन ही मन सोच रहे थे कि उनकी पत्नी  सही कह रही  हैं, मैंने बच्चों के चेहरे पर जो  हंसी और सुकून देखा,  वह मैं जीते जी  देखना चाहता हूं, अभी मेरी आंखों ने जो  मेरी मौत के बाद का सपना  देखा, उसे मैं जीते जी देखूंगा, सोचकर वह सुकून की नींद सो गए, एक नई सुबह के इंतजार में !



एक अरेंज्ड विवाह

 'अरे मिन्नी कितनी देर लगा दी, ले ले कोई भी गुड्डा ', 


नहीं मम्मी मैं मेरी गुड़िया की शादी के लिए कोई भी गुड्डा नहीं लूंगी, अच्छे से देखूंगी ', 


'अरे तो बेटा,  इसमें क्या है , शादी ही तो करनी है ', 


हां मम्मी शादी  करनी है मेरी गुड़िया की,  ऐसे कैसे किसी भी गुड्डा से कर दूं, क्या आप मेरी शादी किसी से भी कर दोगी '!


इतनी छोटी सी बच्ची के मुंह से इतनी बड़ी बात सुनकर मिन्नी की मम्मी अवाक् रह गई, वो मिन्नी को देख रही थी , जो  अपनी गुड़िया के लिए  गुड्डा देखने में व्यस्त थी !


सच ही तो कह रही थी मिन्नी, क्या वो  अपनी मिन्नी की शादी किसी से भी कर देगी ! वो भी इतनी ही देर लगाएगी उसके लिए गुड्डा देखने में, अब वो आराम से खड़ी थी, ताकि मिन्नी अच्छे से अपनी गुड़िया के लिए गुड्डा पसंद कर ले, अब वो जल्दी नहीं मचाएगी !



पिता

 'दीदी पापा अब इस दुनिया में नहीं रहे'I

सुबह-सुबह नव्या के मोबाइल पर उसके छोटे भाई प्रतीक का फोन आया I नव्या की आंख से दो बूंद आंसू ढुलक कर उसके गालों को भिगो गए I आज  नव्या बिल्कुल अनाथ हो गई थी I मां को तो इस दुनिया से गए चार साल हो गए I बस एक पापा का ही सहारा था  I अब वह भी चले गए I


पर दिल के एक कोने में थोड़ी राहत भी मिली I इसी बहाने पर उनको अपने अकेलेपन से मुक्ति मिली और नव्या को उनकी चिंता से I  मम्मी के जाने के बाद पापा बिल्कुल अकेले हो गए थे I एक सख्त,मजबूत  इंसान को कमजोर,असहाय, लाचार,इंसान में बदलते देखा था नव्या ने I कभी कभी तो उसे यकीन नहीं होता था जिन पापा की आंख में बचपन से आज तक आंसू की एक बूंद नहीं देखी, अब फोन पर बात करते-करते जरा जरा सी बात पर रो पड़ते  हैं I  नव्या कितना समझाती थी उन्हें, पर वह तो एक मासूम बच्चे से बन गए थे I  सच में तो उनकी ताकत माँ थी, उनके जाते ही कितना कमजोर बन गए, नव्या ने महसूस किया था I


नव्या ने अपने दो जोड़ी कपड़े बैग में डालें और पापा को अंतिम विदा देने  चल दी I उसके पति टूर पर गए थे,वो वही से पहुँच जायेंगे I  नव्या ने उन्हें फ़ोन कर बता दिया था I टैक्सी उन्होंने ही बुक करा दी थी I नव्या गाड़ी में बैठ गई, गाड़ी अपनी गति से दौड़ रही और नव्या पापा की यादो में दौड़ रही I


कितनी बार तो नव्या झल्ला भी जाती थी,


'क्या पापा बिना बात के रोने लग जाते हो, थोड़ी तो हिम्मत से काम लो 'I


कितनी बार वह पापा को बहाना बनाकर फोन रख देती, क्योंकि मालूम था वह अपना अकेलापन  और दुखड़ा ही बताएँगे I नव्या थक जाती थी सुन सुनकर I कभी-कभी तो फोन करने में भी घबराहट होती थी I  हर थोड़े दिन में पापा उसे अपने पास बुलाते तो वह कहती,


' पापा अब मेरी दोहरी जिम्मेदारी है, मैं जब मन हो तब उठकर नहीं आ सकती',


पर सच में तो अब तो वह फुर्सत में भी वहां नहीं जाना चाहती  थी I क्यूंकि जो मायका मां के होने पर उसके लिए सुकून और आराम की जगह होती थी, जहा सारी जिम्मेदारियों से मुक्ति मिलती I पर अब मां के नहीं होने पर वह घर काटने को दौड़ता I फिर पापा तो जैसे उसके आने का इंतजार करते,


' बेटा मेरी कमीज का बटन टूट गया,मेरे चश्मे का शायद नंबर बढ़ गया,आँखे चेक करा दे, घर के पर्दे कितने गंदे हो रहे हैं दूसरे बदल दे 'Iइन सब से खीज होने लगती उसे I 


उसको लगता पापा से कहे ,' भाई आता है तो भाभी और भैया उनको क्यों नहीं कहते' I पर मन मार कर रह जाती कही उनको बुरा ना लग जाये I वो तो जैसे नव्या के आने का ही इंतजार करते थे और उसके सामने बिल्कुल बच्चे बन जाते थे I इन थोड़े से दिन में नव्या से अपनी सारी फरमाइशें पूरा करवाना चाहते थे I


  नव्या ने अपने मन के कोने में एक बात दबा रखी थी, जिसको खुद भी झूठलाती और भूल से भी दिल में नहीं लाना चाहती I पर आज जब पापा नहीं रहे तो वो बात भी जेहन में आ ही गयी I कभी-कभी तो उसे लगता था काश की मां की जगह पापा... ऐसा नहीं कि वह अपने पापा से प्यार नहीं करती थी,बहुत ज्यादा I  पर वो उनको इतना असहाय नहीं देख सकती I  फिर माँ से वो कितनी बातें कर सकती थी पापा से नहीं कर सकती I  याद हैँ उसे जब माँ थी तो कितना गुस्सा करती थी,


' तुम बाप बेटी पता नहीं क्या खिचड़ी पकाते हो, मुझसे तो मेरी बेटी बात ही नहीं करती' I  सच किसी के खोने पर क्यों उसकी कमी लगती हैँ, गर उसके होने पर ये अहसास रहे तो बाद में कुछ मलाल तो ना रहे I


सच में उम्र के इस दौर में औरत तो फिर भी घर गृहस्थी में समय बिता लेती है, रो कर अपना दुख दूर कर लेती है, पर आदमी तो बिल्कुल असहाय ही हो जाता है I  घर का ऐसा फालतू सामान बन जता हैँ जिसके होने ना होने से शायद किसी को फर्क भी ना पड़े I


अपनी सोच में  डूबी कब उसका घर आ गया पता ही नहीं चला I घर में बहुत भीड़ जमा थी I नाते रिश्तेदार सब इकट्ठे थे I नव्या पापा को इतना शांत देख कितना दुखी थी I कहा तो उसके आते ही कितनी बातें लेकर बैठ जाते, जो इतने समय से इकट्ठी करके रखते थे I  माँ के बाद नव्या से ही तो वो अपने दिल का हाल कहते थे I


पापा के दाह संस्कार के बाद घर में भैया भाभी नव्या और उसके पति रह गए I नव्या के भाई ने पापा की एक डायरी और कुछ चीजें, जिनमे उनकी पुरानी घड़ी जो नव्या ने उनके जन्मदिन पर उन्हें दी थी, (कब से बंद पड़ी है पर पापा ने कितना सम्भाल कर रखा हैँ), नव्या की बचपन की गुड़िया, ( कितनी जिद करी थी उसने इस गुड़िया के लिए, माँ ने डांटा भी कितनी महंगी है,पर पापा ने उसको लाकर दी थी, )वो सब नव्या को दी I पापा की इच्छा थी कि यह उसे ही दे I


एक बार नव्या को लगा भी कि क्या बेकार की चीजें हैँ , वो कहां तक संभालेगी  Iफिर भी उसने  पापा कि अमानत समझ  अपने बैग में रख लिया I बारह दिन बिता वह अपने घर आ गई l कुछ दिन बाद जब वह अपना बैग खाली कर रही तो पापा की डायरी हाथ लग गयी Iउत्सुकता में उसे खोला, मां के जाने के बाद रोज़ वो माँ को एक खत लिखते थे,


' प्यारी सुमन तुम तो मुझे छोड़ गई, पर नव्या  के रूप में खुद को मुझे सौप गयी I  जब भी उसे देखता हूं तो लगता है तुम मेरे पास  हो I  जैसे तुम मेरा ख्याल रखती थी वह भी मेरा  ख्याल रखती है I पर आजकल थोड़ा व्यस्त रहती है,फ़ोन पर भी उससे सही से   बात नहीं हो पाती है I कितना कुछ होता हैँ कहने को, पर उसकी व्यस्तता के कारण उसको बता ही नहीं पाता I


नव्या के दिल में हूक सी उठी I  पापा वो कहा आपसे सही से बात करती थी I उसको तो झल्लाहट होती थी आपसे बात करते I  उसने आगे पढ़ना शुरू किया,


'कितना सोचता हूँ उसे परेशान नहीं करू I पर क्या करूं, उसको नहीं कहूंगा तो किससे कहूंगा  I  इस  बार वो आएगी तो उससे गाजर का हलवा बनवायूँगा I तुम्हारे जाने के बाद तो वह स्वादिष्ट हलवा खाने को नहीं मिला I तुम्हारे हाथों का जादू है उसके हाथों में भी Iआज उससे शिकायत भी करूँगा फोन पर, कितने दिन हो गए उसे घर आये I  अब बहू को तो बात बात पर परेशान नहीं कर सकता ना I  वैसे तो वो भी मेरा बहुत ध्यान रखती हैँ पर नव्या को तो हक से कह सकता हूँ,जैसे तुमसे कहता था I तुम्हारी तरह वो भी झललाती हैँ मुझ पर,फिर भी मुझे पता है मुझसे बहुत प्यार करती हैँ' I


नव्या एक एक शब्द पढ़ फूट फूट कर रो रही I  सच कितनी खुदगर्ज हो गयी वो, केवल उसने  अपनी मजबूरी देखी, अपना दुख देखा I  पापा कितने अकेले हो गए, कितना कुछ कहना चाहते थे I पर उसके पास उनसे बात करने का भी समय नही था I छोटे बच्चे  के रूप में  उनको नव्या का  सहारा चाहिए था, पर वह  सहारा भी कहां बन पाई I नव्या उस डायरी को अपने सीने से लागये फूट फूट कर रो रही,काश कि ऐसे पापा को सीने से लगाया होता जब उनको जरुरत थी I


समाप्त ✍️✍️✍️



एक मुलाक़ात जरुरी है सनम

 'मम्मी क्या है आपको, अब तो मेरी तनय से सगाई  भी हो गई,  क्या हो गया जो मैं तनय से  मिलने जा रही हूं ', 


'नहीं बेटा,  मुझे तुम्हारा रोज रोज का मिलना  पसंद नहीं, जितना  मिलना है शादी के बाद मिल लेना', 


नेहा  गुस्से में पैर पटकती हुई अपने कमरे में चली गई! नेहा की दादी ने   नेहा की  मम्मी से कहा, 


'अरे  क्यों  लड़की को रुला दिया,  अरे जाने दे, ये  मिलने के दिन है, अरे हमारे जैसे थोड़ी ना,  हमारे समय में मिलना तो दूर,  एक नजर देख भी  नहीं पाते थे,  शादी के बाद ही शक्ल देखने को मिलती थी,  अगर उस समय भी  एक मुलाकात हो जाती तो तेरे ससुरजी को  यूं सबके सामने शर्मिंदा ना होना पड़ता ', 


एकदम से दादी के मुँह से निकल गया !


'क्या हुआ था मांजी,   पापा क्यों शर्मिंदा हुए थे ', 


' अरे कुछ नहीं, जाने दे, 


'नहीं अब  तो आपको बताना ही पड़ेगा ', 


अरे हम शादी हो कर आए  ही थे, अब हम  दोनों ने एक-दूसरे को देखा तो था नहीं, हमारी  सासु जी  ने  हमारी थकान को देखकर कहां,

' जाकर तुम अपने कमरे में आराम कर लो '


मेरी ननद मुझे मेरे  कमरे की बजाय अपने कमरे  में ले गई,  और हमारे कमरे में सो रही थी हमारी  एक भाभी !


तेरे ससुरजी को लगा हम सो रहे है, वो चुपके से  सबसे नजर बचा कर आये और हमको बोला, 


'अरे अब तो  अपनी शक्ल दिखा दो,  हम तो तुम्हारी शक्ल देखने को ही तरस गए'


इधर  जैसे ही भाभी ने करवट ली, तेरे ससुरजी वहां से  उलटे पैर  भागे, पर उन भाभी ने वो बात सबको  बता दी, सबका हंसते हंसते हो गया बुरा हाल, और हम दोनों हो गए शर्म से लाल !


नेहा की मम्मी की  आंखों में भी हॅसते हॅसते  आंसू आ गए, उन्होंने  नेहा को आवाज लगाई, 


' अरे  नेहा तनय से  मिलने को नहीं जाना क्या'


नेहा सुनते से ही भाग कर आयी और मम्मी के गले लग कर बोली, 


'मम्मी आप कितनी अच्छी हो, लव यू माँ ', 


नेहा की दादी बोली, 


'अरे ये लव यू तो तनय से बोलना'


,  सुन कर  दादी,  पोती और मम्मी तीनों हॅसने लगे !



उसका अपराधी

 'भाभी मुझे 1 महीने की छुट्टी चाहिए' '


कामवाली ने  मनीषा से कहा तो मनीषा के कान खड़े हो गए, 


' क्यों 1 महीने की छुट्टी क्यों', 


' अरे  वो भाभी,  हमारा आदमी जहां काम करता है,  उनके यहां शादी है तो काम ज्यादा है इसलिए', 


' बस तुम लोग का यही है,  जहां चार पैसे ज्यादा मिले वहीं चले गए, और यहां का क्या,  ना बाबा ना,  मैं नहीं दूंगी छुट्टी ', 


'अरे भाभी यहां कि आप चिंता मत करो,  मैं मेरी बेटी को छोड़ कर जाऊंगी,  कल से वह आएगी काम पर ', 


'कितनी बड़ी है तुम्हारी बेटी', 


' 11 साल की है', 


' अरे इतनी सी बच्ची क्या काम करेगी',


' अरे भाभी, उसकी  आप चिंता मत करो,  उसको सब आता है ', 


मनीषा ने भी सोचा,  कुछ नहीं से तो अच्छा ही है, नहीं तो एक महीना कैसे निकालेगी, 


  उसने कहा, 

' ठीक है, कल से भेज देना उसको '!


अगले दिन कामवाली की बच्ची  ठीक समय पर  काम पर आ गई, जया नाम था उसका, दो चोटी,  बड़ी बड़ी आंखें, पतली सी  थी,  उसको देखकर एक बार तो मनीषा को दया आई, यह तो मेरी बेटी मीशा के बराबर है,  यह क्या काम करेगी, फिर अपने मन को मनाया  अरे इनका क्या,  ऐसे ही माहौल में रहते हैं,  इनका  तो काम ही होता है !

मनीषा ने उसको सब काम सही से  समझा दिया,  वह अपने  नन्हे नन्हे हाथों से काम करती,  मनीषा को बहुत मुश्किल होती उसको काम कराने में, कई बार उसको डांट भी लगा देती,   मनीषा के बच्चे टीवी देख रहे होते तो कभी-कभी वह भी कार्टून में खो जाती, फिर मनीषा का गुस्सा उसके ऊपर उतरता !

दो  दिन बाद चिड्रेन्स डे   था,  मनीषा ने बच्चों से पूछा, 

'बताओ तुम्हें क्या क्या चाहिए ', 

बच्चों ने पूरी फरमाइश बता दी,उसकी बेटी मीशा ने हर  चीज दो  दो बताई,  तो मनीषा ने पूछा, 

'ये क्या बेटा, हर चीज डबल क्यों ', 


' मम्मी यह सब चीजें मैं जया को दूंगी ', 


मनीषा ने मीशा को डांट लगायी, तो मीशा  बोली, 

'मम्मी  जया भी तो बच्ची है, चिल्ड्रेंस डे तो उसका  भी है', 

और यह कहकर वह अपने काम में लग गई, इतनी सी बच्ची के मुँह से ये बात सुन कर  मनीषा सोच रही थी, मीशा सही तो कह रही है, जया भी तो बच्ची ही है, गरीब है तो क्या  उसका बचपना नहीं है, पता तो मुझे भी था पर मेरी आँखों पर तो स्वार्थ की पट्टी पड़ी थी, कहीं मैं उससे उसका बचपन तो नहीं  छीन रही, मैं उसकी  अपराधी तो नहीं,  पर मैं क्यों, अपराधी तो उसके  मां बाप है, पर वो भी क्या करें,  चार पैसो के लिए उनकी मजबूरी करवाती  है, तो  क्या गरीबी उसका अपराधी है!

पता नहीं मनीषा को समझ नहीं आ रहा था,  आखिर जया का अपराधी कौन है !



तोता सब जानता है

 'सुनो क्या यह फाइलों में उलझे हुए हो, नाश्ता कब से ठंडा हो रहा है, 


' निशा ने अपने पति विनय  को जो की फाइलों में उलझे हुए थे, बोला, पर उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया,  निशा फिर बोली तो वह थोड़ा झुंझला कर बोले, 


'क्या चिक चिक लगा रखी है, देखती नहीं मैं जरूरी काम कर रहा हूं,  दिन भर  खाना,  खाना इससे थोड़ा कुछ और भी सोच लिया करो', 


निशा अपमान के घूंट पीकर रह गई, वह  बिना कुछ बोले रसोई में चली गई,  बाद में उसने विनय  को तो गरमा गरम नाश्ता कराया, और वो ठंडा  नाश्ता अपने लिए रख लिया !


अरे महक  बेटा टिफिन तो ले,  अरे सुन नहीं रही क्या ', 


निशा ने  अपनी बिटिया महक  से  कहा, 


' मम्मी दिख नहीं रहा, मैं फ़ोन पर बात कर रही हूँ ,  ले लूंगी , टिफ़िन ही तो  है, कोई खजाना  तो नहीं, जो भूल कर जा रही हूं, मेरे दोस्त भी हंसते हैं कि बच्ची है क्या, जो तेरी मम्मी तेरे पीछे खाने के लिए पड़ी रहती हैं', 


निशा ने बिना कुछ बोले टिफ़िन  महक के बैग   में रख दिया, तभी देखा उसका बेटा विशाल  अभी तक सो रहा है,  दूध  का ग्लास घंटे भर से पड़ा है, उसने विशाल को उठाते हुए कहा, 


' क्या है बेटा, देखो कब से दूध पड़ा है, अब फिर  गर्म करना पड़ेगा ', 


'सोने दो  मम्मी, रात भर पढ़ाई करी है मैंने, और  आप  चैन से सोने भी नहीं देती,  दूध दूध, अरे कोई बच्चा हूँ क्या मैं '!


निशा रसोई मेँ बर्तन समेटते सोच रही , वह सब की फिक्र करती है,  तब भी सब ऐसे जताते  हैं, जैसे खा कर उस पर कोई अहसान  कर रहे हैं,  उसने खाया या नहीं खाया,  यह तो पूछना छोड़ो,   कम से कम कोई  उससे  ढंग से बात ही  कर ले,   निशा चुपचाप काम करते-करते अपने आंसू पोंछने लगी !


इधर  लिविंग रूम में  पिंजरे मेँ रखा हुआ तोता यह सब देख रहा था, वह  बोला, 


' औरत तेरी यही कहानी, होठों पर हंसी,  आंखों में पानी', 


उसके इतना बोलते ही घर के सारे सदस्य  जो अपने अपने कामों में उलझे हुए थे, कभी तोते को देख रहे ,  कभी निशा को!


इधर निशा के होंठो पर झूठी हंसी आ गई, वो  सोच रही,  चलो किसी और को नहीं, कम से कम  इस तोते को तो उसकी फिक्र है, वो  तो उसकी भावनाओं की कद्र करता है !



आम की पेटी

 'अरे  कृष्णा मीनू के यहां पर आम की पेटी भिजवानी है,  जरा पूछ तो उससे, उसको कौन से आम चाहिए', 


दिनकर जी ने अपनी पत्नी को कहा,  मीनू,  उनकी बेटी को हर साल गर्मी में आम की पेटी भिजवाते थे !सोनाक्षी  दिनकर जी की बहू रसोई में  काम कर रही थी,  बाहर अपने ससुर जी की बात सुनकर उसकी आंखें गीली हो गई, कितना अच्छा लगता है ना जब पीहर से कुछ आता है तो,  ससुराल में अपने आप गर्व से सिर  ऊँचा  हो जाता है,  और पीहर से आई मामूली चीज भी  कितनी  कीमती  लगती है!


उसका भी बहुत मन होता था कि उसके पीहर  से भी आम की पेटी आए, ऐसा नहीं है उसके ससुराल वाले  उसे ताना देते हैं, या  यहां कोई कमी है,  आगे से  आगे चीज रहती  है, पर वो जो आम की पेटी पीहर से आती, उसकी मिठास कही नहीं मिलती !


पर वह अपने पीहर में भी  कहने में झिझकती  थी,  क्योंकि उनकी आर्थिक हालत ऐसी नहीं थी,  कि वह उधर बेझिझक कह सके !


उसको अपने ससुराल और पीहर दोनों की इज्जत बचानी पडती, इसमें उसका साथ देते   विनय उसके पति,  हर साल एक आम की पेटी लाते हैं,  यह कहकर कि यह सोनाक्षी के पापा ने भेजी है, वो कभी किसी के आगे सोनाक्षी का सिर नहीं झुकने देना चाहते,  सोनाक्षी को खुशी तो होती थी कि विनय उसकी भावनाओं की कदर करते हैं,  पर एक  कसक सी रह जाती थी कि काश उसके पीहर से भी एक आम की पेटी आती !



पगफेरे

 जिस दिन का  प्रतीक्षा बेसबरी से   इंतजार  कर रही थी आखिर आज वह दिन आ ही गया उसके साजन आज उसको लेने आए हैं, हर लड़की की तरह कितने सपने देखे थे उसने अपनी शादी के सपनों के राजकुमार के, अपने भावी ससुराल के  एक-एक दिन निकालना उसको मुश्किल लग रहा था पर आज जब वो दिन  आया तो जैसे प्रतिक्षा को सांप सूंघ गया उसके पैर जम  से गए  वह बुत सी  बन गई आज उसको अपनी पुरानी दुनिया अपने मां-बाप,  भाई बहन  सब को छोड़ कर जाना था l उसको ऐसा लग रहा था जैसे किसी ने उसका दिल निकाल कर रख दिया हो सबके चेहरों को देखकर उसको कितना रोना आ रहा था  उसके साथ साथ सबको उस से बिछड़ने का गम था मम्मी के गले लग कर तो  कितनी देर तक रोती  रही पापा तो  कटे कटे से नजर आ रहे थे जैसे इस पल  का सामना करने से बच रहे हो और भाई बहन  तो ऐसे हो गए जैसे उनका साथ उनकी दोस्ती सब  लेकर वो  अपने साथ जा रही है सच वो पल कितना मुश्किल था प्रतीक्षा  के लिए और उसके घरवालों के लिए l


इधर  उसके  ससुराल वाले बार बार कह रहे जल्दी चलने के लिए पर प्रतीक्षा को लग रहा   बस कुछ देर और वो  मम्मी के गले लग जाये, कुछ देर और  पापा के सीने से लग जाए l


आखिर भारी मन से वो अपने सपनों के संसार में आ गयी पर  पीछे जो अपनी  दुनिया छोड आयी वो दुख तो भर  ही नहीं पा रहा था l  इधर ससुराल में सब उसके स्वागत के लिए तैयार हैँ  सबके चेहरे पर ख़ुशी दिख रही यहाँ वो किसी को अपना दुख नहीं दिखा सकती अपना दुख आज से  ही सीने में दबाना  शुरू कर दिया शायद इसे ही ससुराल कहते हैं l


सारी रस्में रिवाज  शुरू हो गए बीच-बीच में उसके साजन उसको संभालते उसको प्यार से देखते तो कुछ पल के लिए वह भूल जाती पर फिर अपनी पुरानी दुनिया की याद सताती इस शोर और रौनक से उसको घबराहट हो रही सारे चेहरे जैसे अजनबी से लग रहे आँखों  के आगे तो मां-बाप का उदास चेहरा ही आ रहा और भाई बहन की खाली नजरें दिख रही l मन हो रहा इन सारी रस्मों को छोड़ कर अकेले जाकर अपने घर पर बात करें खूब रोए कितनी बातें करनी है पर इतनी बातें कैसे इकट्ठे हो गई अभी कुछ घंटे पहले ही तो आई है वह उन सब को छोड़कर ऐसे तो पहले भी वह अपनी किताबों और मोबाइल से चिपकी रहती थी कहां ज्यादा बात करती थी फिर आज  क्यों ऐसा लग रहा है उसे l


सारी रस्मे निभाते हुए वो थक कर चूर हो   गई उसको तो   बेसब्री से  शाम होने का इंतजार था फटाफट शाम हो और उसका भाई उसको पग फेरे की रस्म के लिए  लेने आ जाए बार बार घड़ी पर  उसकी नजर जाती समय काटे  नहीं कट रहा था l  तभी उसकी मम्मी का फोन आया कितनी खुश हुई वह एक पल को तो भूल ही गई कि ससुराल में है फिर अपने को संभालते हुए फोन कान पर लगाया वहां से मम्मी की आवाज आई,


'कैसी है कुछ खाया या नहीं थक गई होगी आराम किया "?


और वह तो बस रोती रही  ऐसा लग रहा यहां इन बेगानों के बीच वह आवाज  कितना अपनापन और  सुकून दे रही थी l


फिर शाम को जब भाई आया तो एक-दूसरे को देखकर दोनों कितने खुश हुए प्रतीक्षा तो भाग कर  भाई को गले लगाना चाहती थी पर उसकी मर्यादा ने उसके पैर बांध लिए l भाई भी जो  कभी  किसी चीज पर ध्यान ही नहीं देता था घर का सबसे लापरवाह सदस्य माना जाता था पर आज उसकी नजरें जैसे प्रतीक्षा के चेहरे को पढ़ने को बेताब है कैसी है वह खुश तो है ना "?


सच कितने अजीब होते  हैं ये  रिश्ते जब पास होते हैं तो कोई कदर नहीं करता और दूर होते हैं तो कितनी बेताबी दिखती है l इधर  ससुराल वाले भाई की खातिरदारी में लग गए प्रतीक्षा का मन तो फटाफट यहां से निकलने का हो रहा था एक-एक पल  भारी लग रहा उसको  l  उसने अपने भाई को इशारा भी किया आंखों से जल्दी चलने के लिए पर वह बेचारा भी क्या करता l आखिर प्रतीक्षा के पति यह सब भांप  गए और उन्होंने उन दोनों को जल्दी रवाना कर दिया प्रतीक्षा ने उन्हें आँखों ही आँखों में धन्यवाद दिया तो उन्होंने हलके से आँख मार दी सच शर्म से लाल हो गयी वो l


बाहर निकले  भी नहीं थे कि पीछे से प्रतीक्षा की सास ने  जल्दी आने को कहा तो  प्रतीक्षा को गुस्सा आया अभी निकले हैं नहीं और आने की जल्दी कर रहे हैं,  इधर जैसे ही गाड़ी में बैठे तो प्रतीक्षा जो इतनी देर से चुप थी जैसे फट पड़ी,  


'इतनी देर लगा दी  आने में,  कितनी देर से मैं तेरा इंतजार कर रही थी', 


इधर  भाई भी पूछ रहा दिन भर  क्या किया, मन लगा या नहीं, पर हाँ पहले की तरह वो उसके गुस्से का जवाब लड़ाई से नहीं दे रहा था, शांति से सुन  रहा था,जैसे उसको बोलते देख कर उसको सुकून मिल रहा हो ऐसा क्या हो गया एक ही दिन में, पहले तो कितना लड़ते थे वो दोनों l


उस दिन शायद रास्तों पर प्रतीक्षा को ट्रैफिक कुछ  ज्यादा ही दिख रहा था रेड लाइट से तो  उसको बहुत ही गुस्सा आ रहा था l  प्रतीक्षा को लग रहा बस उड़  कर घर पहुंच जाऊ और जैसे ही गाड़ी घर के आगे रुकी सब  उसका इंतजार करते हुए दिखे सबकी नजरे  उसे देखने को बेचैन  हो  रही थी l  प्रतीक्षा भी  सब को देख कर भाग कर गयी जैसे बरसों से नहीं मिली हो, सबके गले लग कर  खूब रोइ l सब प्रतीक्षा से  ससुराल के लोगों के लिए पूछ रहे कुछ तकलीफ तो नहीं हुई  किसी ने कुछ कहा तो नहीं, कोई  शिकायत तो नहीं l 


पापा जो बात तो बहुत करना चाह रहे थे पर बोल ही नहीं पा रहे थे बार-बार मां से ही कह रहे थे, 


'देख उसको कुछ चाहिए तो नहीं', 


सच सब उसकी कितनी  खातिरदारी कर रहे थे पर  उस  खातिरदारी में पता नहीं क्यों उसको परायेपन का अहसास हो  रहा था  ऐसा लग रहा एक पल में ही यहां मेहमान हो गई सब  उसकी  इतनी परवाह जो कर रहे थे l  मम्मी ने तो सारे पकवान उसी की पसंद के बनाए l


तभी उसके ससुराल  से फोन आ गया प्रतीक्षा को लेने के लिए रवाना हो गए प्रतीक्षा को लगा अभी तो आई थी इतनी जल्दी लेने भी आ रहे हैँ किसी ने उसके ससुराल के लिए कुछ कहा तो पता नहीं क्यों प्रतीक्षा को अच्छा नहीं लगा, ऐसा क्या जुड़ाव हो गया कुछ पलों में ही l


इधर  मम्मी पापा भी ससुराल वालों की खातिरदारी करने में  व्यस्त हो गए प्रतीक्षा अपने घर के कोने कोने को ऐसे देख रही जैसे बरसों से नहीं मिली हो  आज वो  सब उसको पता नहीं क्यों पराये  लग रहे, एक पल में ही अपना घर पराया सा  लगने लगा l


सच कैसी अजीब होती हैँ ये रीत पौधे को  जड़ से खींचकर कहीं और रोप दो  और रोंपते से  ही सभी  आशा करें कि ना यह मुरझाए ना खराब हो,  बस लगाते से ही लहराए और सबको खुश रखे l


प्रतीक्षा की मां उसको जाने के लिए विदाई का  सामान तैयार कर रही  प्रतीक्षा को ऐसे लग रहा है  जैसे वह भी उसको यहां से जल्दी भेजना चाह रही हो l उसने गाल पर ढुलक आये  अपने आंसू पोंछे  और अपने ससुराल को अपना घर बनाने की तैयारी शुरू  कर दी क्योंकि यहां तो अब सब पराया हो चुका था l



माँ

 अठारह वर्षीय नेहा को सुबह से उल्टियां हो रही थी Iपलंग पर लेटते ही सिर चकराता I उसकी मम्मी को लगा खाने में कुछ गड़बड़ हुई होगी उन्होंने उसे घरेलू दवाइयां दी पर उसका जी मिचलाना बंद नहीं हुआ I आखिर उसकी मम्मी उसको लेकर डॉक्टर के गई तो जो डॉक्टर ने बताया वो सुन  उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई I


नेहा साढे चार महीने की गर्भवती थी I नेहा की मां तो वही सुन्न हो गई Iकाफी देर तक तो वो अपने को संभाल ही नहीं पाई उन्होंने डॉक्टर से मिन्नत करी  कैसे भी करके उसका अबॉर्शन करवा दिया जाए पर डॉक्टर ने मना कर दिया क्योंकि अब एबॉर्शन का समय हाथ से जा चुका था इसमें नेहा की जान को खतरा था I


दोनों घर आ गए नेहा तो जैसे पत्थर सी हो गई थी उसकी माँ ने घर पर आते ही उस पर सवालों की झड़ी लगा दी I


कौन था,कहां मुंह काला करवा कर आयी, अरे इससे तो हमें जहर देकर मार देती, किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ा एक बार भी हमारे बारे में नहीं सोचा Iतेरे पापा ये सब सुनेंगे तो उनका क्या हाल होगा I


माँ के इतना बोलते ही नेहा जो इतनी देर से पत्थर की मूर्ति बनी बैठी थी एकदम से चिल्ला पड़ी,


'नाम मत लेना मेरे सामने उस आदमी का',


नेहा का चेहरा गुस्से से लाल था Iउसकी आंखें अंगारे बरसा रही थी Iउसकी माँ उसका ऐसा रूप देख एक बार तो सकते में आ गई I नेहा गुस्से से  बुरी तरह हाफ रही थी Iउसकी मां ने उसको एक जोर का थप्पड़ लगाया फिर बोली,


' एक तो चोरी ऊपर से सीना जोरी, अरे किसको दिखा रही है अपना गुस्सा',


नेहा की आंखें जो अब तक अंगारे बरस रही थी अब वहां अश्रुओ ने जगह ले ली, वो रुंधे गले से बड़ी मुश्किल से बोली,


'हाँ मां शायद तू सही कह रही है मुझे तो शायद गुस्सा होने का भी हक नहीं I एक लड़की हूं ना चुपचाप सब सहन करना हैं',


उसकी माँ की आँखे भी आसुओ से भरी हुई थी I इधर नेहा ने बोलना जारी रखा,


'माँ उस रात जब तुम मामा के घर गई थी तब पापा ने मेरे साथ....',



कहते-कहते नेहा फूट-फूट कर रोने लगी Iनेहा की मां नेहा के मुंह से ये सुन जोर से चिल्लाई,


' नालायक अपना पाप छिपाने को पापा का नाम ले रही है I तू ऐसी हरकत करेंगी मैं सपने में भी नहीं सोच सकती थी Iशर्म आती है जो तू मेरी बेटी है',


इधर नेहा चिल्लाई,


'शर्म  तो मुझे आती है जो मैं उस बेगैरत इंसान की बेटी हूं I अरे पापा के नाम पर थू है वह इंसान,उसने तो हर बेटी के विश्वास को छला है ',


उसकी माँ चिल्लाई ,


'मैं कैसे मान लूं भला तेरी बात ',


नेहा थकी हुई हारी हुई सी बोली,


'माँ मैं आपका ही खून हूं इतना तो विश्वास तुझे मुझ पर करना ही होगा Iमैं इतनी घटिया नहीं हो सकती थी की ऐसे ही उनका नाम लगाऊं Iअरे मैं तो तुझे तभी सब फोन पर बता देती पर उन्होंने मुझे धमकी दी थी Iसाथ ही कहा तेरी मां दिल की मरीज हैँ यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाएंगी Iऔर भी ना जाने क्या क्या वास्ता दिया Iजैसे हर लड़की को हमेशा दूसरे की गलती पर भी चुप ही रहना पड़ता है और मैं भी लड़की ही तो हूं तो मैं भी चुप हो गई'I


कहती कहती नेहा वही जमीन पर  बैठ फूट-फूट कर रोने लगी I उसके इस तरह रोने से उसकी मां का दिल थोड़ा पसीजा आखिर हैँ तो माँ अपनी बेटी का दर्द समझ सकती हैँ I वो नेहा के गले लग कर खूब रोइ Iइस समय वो माँ बेटी नहीं शायद दो स्त्री थी जो अपनी बेबसी पर रो रही थी Iआखिर  यह अत्याचार  कैसे किसी को बताएं इससे उनके ही परिवार की बदनामी होगी और अपने परिवार का सम्मान रखना शायद इसका जिम्मा तो सदियों से  हर स्त्री का कर्तव्य होता है Iऔर इसमें भी गलती शायद ये समाज उन्हीं की बता देंगे I


रात को जब नेहा के पापा आए तो नेहा की माँ ने उनसे जब सब कुछ पूछा तो एकदम से  वह हड़बड़ा से गए,


' वह मैंने.... मैंने...',


नेहा की माँ किसी घायल शेरनी की तरह गरजी,


'ये मैंने... मैंने क्या लगा रखी है मुझे जवाब चाहिए',


अब तक नेहा के पापा भी अचानक हुए हमले से  संभल चुके थे और अपनी मर्दानगी साबित करते हुए चिल्लाये,


'हां तो मैंने उस दिन कुछ ज्यादा ही पी रखी थी, मुझे कुछ होश नहीं था नहीं तो मैं ऐसी हरकत करता Iअरे मुझे होश नहीं था पर वह तो होश में थी रोक सकती थी मुझे',


तड़ाक एक थप्पड़ की आवाज कमरे में गूंज गई Iनेहा की माँ ने नेहा के पापा के गाल पर थप्पड़ जड़ दिया,


'मुझे तुमसे तुम्हारी सोच से भी घिन्न आ रही हैँ, शर्म आ रही हैँ कि मैं तुम्हारी पत्नी हु'I


थोड़ा शांत होने पर नेहा की माँ ने बोला,


' अब बताओ करना क्या है ',


'अरे करना क्या अबॉर्शन करवा देंगे',


नेहा के पापा लापरवाही से बोले I नेहा की माँ बोली 


' मेरी डॉक्टर से बात हो चुकी है अब बहुत देर हो चुकी हूं इसमें नेहा की जान को खतरा है',


' अरे  ये डॉक्टर तो यूं ही बोलते हैं और फिर क्या हो गया किसी को पेट दिखाने से तो अच्छा है यह मर ही जाए ',


नेहा अपने कमरे में सब सुन रही थी उसको अपने कानो पर यकीन नहीं हो रहा था Iनेहा की मां इतना सुनते ही चिल्लाई,


'आज तुमने अपनी नीचता का एक और सबूत दे दिया, अब मुझे पूरा यकीन हो गया I काश कि धरती फट जाए और मैं अभी उसमे समा जाऊ पर इतनी बदकिस्मत हूँ की समा भी नहीं सकती आखिर मैं मेरी बेटी नेहा को छोड़कर ऐसे तो नहीं जा सकती एक माँ हूँ ना Iअब आप कुछ नहीं करेंगे जो करूंगी मैं करूंगी'I


इधर नेहा के पापा चुपचाप सोफे पर किसी अपराधी की तरह बैठे थे I नेहा की माँ ने उसके कमरे में जाकर  नेहा को संभाला और दूसरे शहर में रह रही उसकी मौसी से बात करी Iतय हुआ शहर से दूर उनका एक फार्म हाउस  है वहां नेहा और उसकी मौसी रहेंगी I समय पर बच्चा पैदा होने के बाद बच्चे को कहीं किसी अनाथ आश्रम में दे देंगे I


इधर नेहा तो जैसे बुत ही बन गई थी उसे कुछ होश नहीं था Iवह एक मशीन की तरह हर एक काम कर रही थी जो उसकी मां कह रही थी I जब उसकी माँ उसको उसकी मौसी के पास छोड़ कर जा रही थी दोनों मां बेटी गले लग कर खूब रोइ Iजिस समय नेहा को उसकी मां की सबसे ज्यादा जरूरत है तब  उसे अकेला छोड़ना पड़ रहा है I सच किसी के पापों की सजा नेहा को भुगतनी होगी I पर नेहा की माँ बेबस थी अपनी बेटी के भविष्य के लिए ही उसने अपने दिल पर पत्थर रख लिया था I इधर नेहा की मौसी उसका खूब ध्यान रखती पर नेहा तो जैसे गुमसुम सी हो गयी बस अपने कमरे में उदास सी बैठी रहती I धीरे-धीरे उसको अपने अंदर कुछ हिलता सा महसूस होता,जो उसको एक सुखद अहसास भी देता Iउस अनजान बच्चे से एक अनजाना सा रिश्ता जुड़ गया, वो उससे बात करती,उससे अपने मन की हर बात साझा करती Iपर जब कभी ख्याल आता कि उसके पैदा होते ही वह बच्चा उससे अलग हो जाएगा तो एक अनजाने भय से घिर जाती I


पता नहीं लड़कियों में शायद जन्मजात ही ममता का गुण भरा होता हैँ Iआखिर  समय आने पर डिलीवरी हुई इस समय उसकी माँ भी उसके साथ थी Iएक  N. G.O. से सब  बात हो चुकी थी और नेहा से बिना पूछे बिना इजाजत के बच्चे को उनको सौंप दिया I


नेहा तो ढंग से अपने बच्चे को गले भी नहीं लगा पायी वो खूब रोई गिड़गिड़ाई पर उसकी मां का दिल नहीं पसीजा Iइस समय उसकी मां का दिल पत्थर का हो गया था I शायद हर मां ऐसी ही होती है परिस्थितियों के अनुसार और अपने बच्चों के हित के लिए अपने दिल को ढाल लेती है I


नेहा ने अपनी माँ से कहा भी,


'तू भी तो एक माँ हैँ फिर तू कैसे ऎसा कर सकती हैँ I  उसकी माँ सपाट शब्दों में बोली,


'माँ हूँ ना अपनी बेटी के भविष्य को सुरक्षित करने को कुछ भी कर सकती हूँ I  इस समय उनकी बेबसी मजबूरी शायद कोई अंधा भी देख सकता था I


नेहा और उसकी मां घर आ गए I नेहा अब अपने कमरे से निकलती नहीं थी वही उदास सी बैठी रहती I उसकी आँखे अपने बच्चे को देखने को तरसती I उसकी आँखों के आगे से उसके बच्चे का चेहरा जाता ही नहीं I जब उसकी छाती अमृत से भर जाती तो इधर अमृत धार बहती उधर उसकी आँख से आँसू I इस समय वो अपने बच्चे को सीने से लगाने को बेचैन हो जाती I


समय निकलता गयाI धीरे-धीरे सब सामान्य हो गए, सब अपनी अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके थे I


पर नेहा एक माँ वो तो हमेशा अपने बच्चे के बारे में सोचती, उसने अपनी मां से कई बार उस N. G. O.के लिए पूछा पर हर बार उसकी मां ने उसे मना कर दिया I वो नेहा की जिंदगी से हमेशा के लिए वो काला अध्याय हटा देना चाहती थी Iआखिर एक दिन नेहा ने किसी तरह मां की अलमारी से उस N. G. O. के पेपर निकाल लिए Iउसने मन ही मन कुछ निश्चित किया और अपने मोबाइल को उठाया और वहां फोन लगा दिया I  अब अगले हफ्ते से वह वहां काम करेगी आखिर इसी बहाने अपने बच्चे के साथ तो रहेगी उसको देख तो सकेगी, उसको बड़ा होता देख सकेगी I


पर वो उसके सामने कभी ये राज नहीं खोलेगी कमजोर नहीं पड़ेगी I आखिर ये उसके बच्चे के भविष्य के लिए भी सही रहेगा Iइस समय उसकी आंखों से आंसू बह रहे थे पर वह खुशी के आंसू थे I  वो अपने बच्चे से मिलने के लिए बेचैन हो रही थी, सुबह होने का बेसब्री से इंतजार कर रही  थी I


सच आज की रात उसकी जिंदगी की शायद सबसे  लंबी रात है, कब सुबह होगी कब वो अपने बच्चे से मिल पाएगी I


सच  मां तो मां होती है चाहे अनचाहे बच्चे की ही हो इससे उसकी भावना प्यार ममता कुछ कम थोड़ी ना हो जाती है I



Saturday, 5 September 2026

अनकहे शब्द

अनकहे शब्द (Father’s day special)


“सुवर्णा पापा कहाँ है ",


सुबह का अखबार और चाय लेते हुए निलेश ने सुवर्णा से बृजेश जी के लिए पूछा l सुवर्णा बच्चों का टिफिन तैयार करती बोली,


" पापा बस मॉर्निंग वॉक से आ  नहा धोकर पूजा पाठ में लग गए",


निलेश बाथरूम में जब नहाने गया यूं ही एक नजर पूजा घर की तरफ डाल ली l बृजेश जी भगवान के मंदिर में बैठे हुए थे बिलकुल शांत l ध्यान कही और था शायद उनका l


दिन में ऑफिस से फोन कर निलेश ने सुवर्णा से पूछा,


"सुवर्णा पापा क्या कर रहे हैं"?


सुवर्णा अपने कमरे का ए सी ऑन करती हुई बोली,


" खाना खाकर रेडियो पर अपने पुराने गाने सुन रहे हैं ",


रात को निलेश आया तो घर में नजर डालते हुए सुवर्णा से पूछा,


"आज पापा दिखाई नहीं दे रहे ",


सुवर्णा खाना गरम करती हुई बोली,


" पापा आज जल्दी सो गए...सुबह जल्दी उठ गए थे ना तो थकान हो गई ",


सुवर्णा निलेश और खुद का खाना लगाती बोली,


"सच नीलेश पापा का समय आराम से निकल जाता है नहीं तो लगा था  रिटायरमेंट और मम्मी के जाने के बाद वो समय कैसे निकालेंगे"l


रात को सुवर्णा जब रसोई समेट रही नीलेश बृजेश जी के कमरे की तरफ गया उनके कमरे की लाइट बंद थी l वो उनके पास जाकर बैठ गया l बृजेश जी को एहसास हुआ कोई बैठा है l वो निलेश को देख उठते हुए बोले,


"क्या हुआ बेटा कोई बात है",


नीलेश उनकी चादर सही करता हुआ बोला,


"कुछ नहीं पापा बस यूँ ही ",


बृजेश जी मोबाइल में समय देखते हुए बोले,


" थक गया होगा बेटा सो जा ",


नीलेश रुंधे गले से बोला,


"बहुत अकेले हो गए ना पापा, समय कटता नहीं ना ",


बृजेश जी  बिना कुछ बोले अपनी आँखों के पोर पर आये आँसूओ को पोंछने लगे l कैसे उनका बेटा बिना कहे उनकी मन की बात समझ गया l उसके बाद नीलेश उनका हाथ पकड़ चुपचाप बैठा रहा l वह दोनों ना जाने कितनी बातें...जिसमे ना कोई शब्द थे,,,ना कोई आवाज बस थे तों भीगे से जज़्बात... करते रहे l


इधर कमरे के बाहर खड़ी सुवर्णा उनकी अनकही बातें सुन अपने आंसू पोंछ रही थी l


रीशा गुप्ता ✍🏻✍🏻

अलविदा पापा (कविता)



याद हैँ पापा विदाई की वो बेला,

जब तुझसे होकर जुदा अलविदा कहना था I


वो तेरी डबडबाती आँखे जो बार बार भर आ रही,

दूर से खड़ी बस मुझे ही निहार रही I


माँ, बहन, भाई से गले मिल मैं बिलख रही,

पर तू पास नहीं ये कमी बहुत ही खल रही I


क्या पापा आज इस बेला में मेरे पास नहीं आएंगे,

मेरे पास आकर मुझको संभालेंगे और अपने सीने से  लगाएंगे I


पर तुझको तो डर था तेरे ये आंसू कही छलक ना पड़े,

विदाई की बेला में ये कही बरस ना पड़े I


क्यूंकि मेरे लिए तो तू ही हमेशा मेरा वटवृक्ष था बना,

आंधी हो या बरसात मेरे लिए तू मजबूती से था तना I


फिर आज तू कमजोर कैसे पड़ता,

मुझसे गले लग मेरे सामने कैसे तू रोता I


पर जैसे ही मैं तेरे सीने से लगी,

बरसो से तेरे सीने में जमीं वो बर्फ जैसे पिघल सी गयी I


उस दिन शायद मुझसे ज्यादा तू था रोया,

अपने कलेजे के टुकड़े को पराया कर तू कितना दुखी था I


सच उस विदाई की बेला में तेरा ये रूप भी देखा,

नारियल की तरह सख्त ये पिता अंदर से कितना नरम था I


रीशा गुप्ता ✍🏻✍🏻

वीर योद्धा



जोगेन्दर जी के तीन बेटे थे...तीनों लायक...पढ़ने में मेधावी...बस बड़े दोनों बेटे अवसर मिलते ही उच्च शिक्षा के लिए विदेश चले गए और वहां अपनी मेहनत से अपने दम पर अपने भविष्य की जमीन तैयार कर ली l आज उनके पास पैसा,घर, शोहरत, रुतबा सब है... नाते रिश्तेदार सब उनके दोनों बेटों का जब तब उदाहरण देते हैं... समय-समय पर उनके बेटे भी जोगेंद्र जी की हर संभव मदद करते रहतें हैं l पर उनका तीसरा बेटा जो  पढ़ने में मेधावी  था... अपने दोनों भाइयो की तरह काबिल था... पर वह ना तो उनकी तरह विदेश गया...विदेश तो दूर की बात है वह अपना शहर.. अपना कस्बा छोड़ कर भी नहीं गया l नतीजा मेधावी होने के बावजूद सीमित संसाधनों के कारण वह मुश्किल से अपनी दाल रोटी का जुगाड़ कर पाता पर उसने कभी इसकी शिकायत नहीं की l जोगेंद्र जी को कभी-कभी अपने इस बेटे पर गुस्सा आता...अपने दोनों बेटों की तरक्की देख और इस बेटे को एडिया घसीटते देख जब तब उसे उल्हाना देते और नाकारा, नालायक जाने क्या-क्या तानो की बौछार करते l पर उनका  बेटा कभी कुछ नहीं कहता... बस चुपचाप सारे व्यंग के बाण हॅसते हुए  झेल लेता   l


एक दिन घर में कुछ मेहमान आए थे... चाय नाश्ता और बातचीत का दौर चला l हमेशा की तरह जोगेंद्र जी सीना तान अपने दोनों बेटों की कामयाबी की बातें बता रहे... उनका एक रिश्तेदार बोला,


" वाकई आप बहुत किस्मत वाले हैं.. वरना विदेश में रहना इतना आसान नहीं... हर काम खुद करना... अपनों से दूर रहना...अपनी जमीन से कट जाना",


ये सुन जोगेंद्र जी की छाती और चौड़ी हो गई l वह आवाज में दम्भ भर बोले,


" अरे वीर योद्धा है मेरे बच्चे... निडर हो अकेले अपनी लड़ाई लड़ी",


तभी उनकी पत्नी कामिनी जी नाश्ते की जूठी प्लेट उठाती धीरे से बोली,


" माफ कीजिएगा पर असली वीर योद्धा मेरा सबसे छोटा बेटा है ",


भले उन्होंने बात दबी जुबान में बोली पर ये बात वहां मौजूद सबके कानो में हथोड़े की तरह लगी l उनकी बात सुन रिश्तेदारों के साथ जोगेंद्र जी भी एक दफा हैरान हो गए.. बल्कि रिश्तेदारों के चेहरों पर तो एक व्यंग्यतामक हसीं थीं l जिसे जोगेंद्र जी ने भी भाँप लिया अब तक जो छाती चौड़ी कर के  बैठे थे वो चिढ़ कर बोले,


"अरे वीर योद्धा... उसने तो मेरी नाक कटा दी.. कुए का मेंढक बन कर रह गया.. यही माँ के आंचल में बैठा टर्र टर्र करता अपनी जिंदगी निकल रहा है",


अपने बेटे के लिए ऐसी बातें वो भी सबके सामने सुन कामिनी जी की आंखों में पानी आ गया...पर खुद को संयत कर इस दफा वो दृढ़ और गर्व भरी ऊंची आवाज में बोली,


" कुए का मेंढक वह खुद के लिए नहीं हमारे लिए बना l पागल है जो कभी नहीं सोचा की ये दुनिया भावनाओं से नहीं व्यवहारिकता से चलती है... बस मां-बाप के मोह से ऐसा बंधा की सारे संसाधन होने के बावजूद...खुला गगन होने के बावजूद अपने सपनों को समेट लिया... पंखों को अपने हाथो ही कुतर दिया और ऐसा करने के लिए कलेजा मजबूत चाहिए ",


सावित्री जी की आवाज सिर्फ उस कमरे में ही नहीं सबके कानो में गूंज रही थीं,


"असल मायनो में तो मेरा ये बेटा है वीर योद्धा था जिसने हर तरह से काबिल होने के बावजूद अपनी लड़ाई सिर्फ इसलिए नहीं लड़ी ताकि उसके मां-बाप जिंदगी के रण में अकेले ना पड़ जाए l पर ऐसे योद्धाओं को  इतिहास भी कहां से याद रखेगा जब उसके सगे मां-बाप ही उसकी वीरता को नहीं आँक पाए",


जोगेंद्र जी की आंखें झुकी हुई थी और रिश्तेदार मूक थे l पर आज पहली दफा कामिनी जी ने अपने बेटे के लिए हथियार उठा लिए..जरुरी था क्योंकि उनके बेटे ने उनके खातिर हथियार जो रख दिए थे l




रीशा गुप्ता ✍🏻✍🏻

बूढ़ी औरते (कविता)



इकट्ठी हो गई वहां कुछ बूढ़ी औरतें एक साथ,

एक दूसरे का हाल पूछने के बाद कोई अपनी बता रहा तो कोई अपनी सुना रहा,

पता नहीं वहां दिल खुल रहे, मन खुल रहे या सिर्फ मुंह खुल रहा,

कोई कह रहा,


" कैसी लगने लगी तू कितनी बुढ़ा गई" तो कोई कह रहा,


"तू भी तो देख कितनी कमजोर हो गई" 


तभी वहां खड़ी एक बूढी औरत बोली,


" अच्छा है ना जितना कमजोर होंगे उतना अच्छा... ले जाने वाले को ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ेगा",


जैसे ही यह शब्द मेरे कानों में पड़े मै सन्न हो गयी...इतनी बड़ी बात कहने को कलेजा कितना पक्का करना पड़ा होगा उस कमजोर बुढ़ाये शरीर को,

ओर यह सिर्फ शब्द नहीं.. दर्द है,सत्य है, सच्चाई है, डर है, एक अंदेशा है कि अब अंत करीब है...कब किसका नंबर आ जाए पता नहीं,

मेरा मन हुआ कहूं जाकर उनको,


" मत कहो ऐसा...इतना दर्द जीवन में पहले ही है.. कम से कम बातों में तो मत घोलो ",


.. और उस निराश मन को ये कह थोडा सुकून ओर तसल्ली दू,


" क्या हुआ अगर थोड़ी तंदुरुस्त भी हुई तो ले जाने वाले को परेशानी तुम्हे उठाने से नहीं होगी पर हां तुम्हारे जाने से जरूर होगी",


पर पता नहीं क्यों नहीं कह पाई...कुछ नहीं कह पाई,

बस देखती रही उन चेहरों को..उन आंखों को..  चेहरों पर पसरे उनके दर्द को,कुछ गीली पनीली सी आंखों को, जो जीवन के अंतिम सत्य को स्वीकार कर रही हैं या फिर स्वीकार करना पड़ रहा है,

इस तरह मिल रही है जैसे क्या पता किसकी अब आखिरी मुलाकात है, किसकी जाने की अब अगली कोई बात है,

उन बूढ़ी औरतों की दुनिया न जाने क्यों मुझे कुछ थमी सी लगी,

भागते हुए इस जमाने के आगे जैसे उनकी कहानी कुछ पुरानी और उपेक्षित सी लगी l


रीशा गुप्ता ✍🏻✍🏻

सपना (कविता)



मेरा एक सपना है मेरे लिखें को सिर्फ वो पाठक ही ना मिले जो अच्छा पढ़ने को आतुर रहतें है,

अच्छे साहित्य की खोज में रहतें है,

किताबें ही जिनकी दोस्त होती है,

साहित्य के जो पुजारी होते है,

बौद्धिक और बुद्धिजीवियो की चर्चाओ का ही सिर्फ हिस्सा  बन कही मैं सीमित ना हो जाऊ,

मैं तो चाहती हूँ मेरा लिखा हर उस व्यक्ति तक जा पहुंचे जिसका अक्षरों से कभी कोई नाता ही ना रहा हो,

क ख ग घ, और अ, आ, इ, ई नहीं बल्कि रोजमर्रा  के ककहरो से  जूझते वो लोग जो रोजी रोटी की जुगाड़ में कभी शब्दों संग दोस्ती ही ना कर पाए,

जब कही से उनके कानो में मेरा लिखा पहुंचे  तो जो घाव उन्हें हकीकतो के थपेड़ो ने दिए.. मेरे शब्द उनके घावो का मरहम बन जाये ,

जिंदगी की कड़वी हकीकतो का सामना करते हुए जो पत्थर या व्यावहारिक बन चुके ,

जब वो मेरे लिखे को सुनें तो भावना का एक झोका कभी तो उनके भी दिल से जा गुजरे,

उन अनदेखे चेहरों को मेरे शब्द सुन लगे आज हमारे चेहरे को  भी एक पहचान है मिल गयी,

भले ही बड़ी सी लाइब्रेरी में मेरे लिखें को जगह ना भी मिले,

पर पसीने से लथपथ उस मजदूर के पास पहुंच मेरे शब्द उसके लिए  ठंडी हवा का झोका बन जाये l


रीशा गुप्ता ✍🏻✍🏻

पटरियों की गूँज



“भागो रेलगाड़ी आने ही वाली है",


सात साल का नीरज और उसके सारे  दोस्तों की टोली एक दूसरे का हाथ पकड़ पटरियों से तब तक दूर भागते रहे जब तक  आश्वस्त नहीं हो गए कि वह सुरक्षित जगह पर पहुंच गए l  जैसे ही उनकी दौड़ रुकी तो उनकी सांसों की तेज दौड़ शुरू हो गई l  तेज गति से भागने की वजह से सबकी सांसे धोकनी की तरह   चल रही थी l तभी धड़ाधडाती  रेलगाड़ी वहां से जैसे ही गुजरने लगी हाफ्ते बच्चे सारी थकान उसी क्षण भूल गए और सबने अपनी एक हथेली होंठो पर खड़ी मुद्रा में चिपका   ली और दूसरे हाथ से एक दूसरे की कमर  पकड़  रेलगाड़ी के डब्बो की तरह भागने लगे l सबके मुँह से एक सुर में छुक छुक छुक छुक की आवाज निकलने लगी l जब तक ट्रेन उनकी आंखों के सामने से गुजर रही थीं तब तक उनकी ट्रेन भी छुक छुक  भागती रही l जैसे ही रेलगाड़ी नजरों से और कानो से ओझल हुई सब खिलखिला कर हंस पड़े l कितनी निश्चल हंसी थी वह...कितना सुकून, कितनी खुशियां थी उस हसीं में l इसका कारण शायद यही था कि उन्होंने उस पल को जी भर कर जिया...सब  कुछ भूल सिर्फ और सिर्फ उस पल को जिया l सच कितना मासूम... कितना बेफिक्र होता है यह बचपन l तभी नीरज का दोस्त बोला,


"नीरज इस तरफ से तेज भजनो की आवाज आ रही है... सडक के दूसरी तरफ से आते-जाते ट्रैफिक का इतना शोऱ..सामने उस घर में तेज आवाज में बजता लाउडस्पीकर... आखिर तुझे इस शोर में भी कैसे पता चल जाता है की ट्रेन आने वाली है",


नीरज हस कर बोला,


"मैं सिर्फ और सिर्फ अपना सारा ध्यान  पटरियों पर लगा लेता हूं... जब मेरा  सारा ध्यान पटरियों की गूंज पर टिका होता है तब आसपास का शोर मुझे अपने आप सुनाई देना बंद हो जाता है l  चलो अब शाम होने को है घऱ चलो",


और सब बच्चे मस्ती करते घर की और रवाना हो जाते  l


ट्रेन झटके से रुकी  शायद कोई स्टेशन आया था... कोई छोटा सा कस्बा था इसलिए ट्रेन यहाँ ज्यादा देर नहीं रुकेगी l स्टेशन पर भी कोई इक्का दुक्का ही लोग थे l रात का समय था ट्रेन के डिब्बे में सब गहरी नींद में सो रहे थे l आखिर कुछ मिनट में ही ट्रेन ने फिर से गति पकड़ ली l इधर नीरज लाख कोशिश कर रहा पटरियों से गुजरती  ट्रेन की आवाज सुन सके पर जो नीरज बचपन में दूर से आती ट्रेन की आवाज को पटरियों की गूंज में सुन लेता आज उसी नीरज के भीतर का शोर इतना ज्यादा था कि चाह कर भी वह पटरियों पर चलती ट्रेन की तेज आवाज रात के इस सन्नाटे में भी नहीं सुन पा रहा था l अगर उसके बचपन के दोस्त मिल जाये तो इस बात पर यकीन भी ना कर पाए l नीरज की आंखें भीग गयी जिसे पोंछने की उसने कोशिश भी नहीं की क्युकि यहाँ कोई नहीं था जो उसकी भीगी आँखे देख सके और वो भी यही चाहता था l वो सोचने लगा एक बचपन था जब इतने शोर में भी पटरियों की गूंज पर ध्यान अटक जाता और आज कितनी कोशिश कर रहा हूं ध्यान लगाने की पर जिंदगी की उलझनों ने इस हद तक उलझा दिया कि नीरज का ध्यान खुद से निकलने ही नहीं दे रही... शायद उसकी उलझनों का शोर हर शोर पर भारी पड़ रहा है l नीरज ने आंखें मूँद ली और खिड़की के सहारे सिर टिका दिया.. मन ही मन सोचने लगा काश कुछ देर को बचपन में चला जाऊं... हर उलझन को भूल सिर्फ पटरियों की गूंज सुन सकू... भूत, वर्तमान, भविष्य सबको भूल सिर्फ उस पल को जी लूं.. महसूस कर सकू l पर काश काश ही होते हैं... एक मृगतृष्णा की तरह l


रीशा गुप्ता ✍🏻✍🏻

स्वदेस



“भारत हमको जान से प्यारा है...

सबसे प्यारा गुलिस्ता हमारा है...'


कप्तान विनोद के होंठो पर गाने के बोल थे l  उनका फाइटर प्लेन हवा में कलाबाजिया दिखा रहा था l 15 अगस्त का मौका था,  चेहरे पर एक अलग ही तेज था..देशभक्ति तो उनकी  रगों में कूट-कूट कर भरी थी I


वह अपने प्लेन को अपने इशारों पर नचा ही रहे थे कि अचानक उनका नियंत्रण प्लेन से खोने लगा और उनका जमीनी संपर्क भी टूट गया I वह पूरा प्रयास कर रहे चीजों को नियंत्रण में लाने की, पर चीजें बिगड़ती जा रही  I   अचानक एक तेज धमाका हुआ  प्लेन के पिछले हिस्से में आग लग गई  I वो बिना एक पल की देरी किये तुरंत पैराशुट पहन प्लेन से कूद गए I  इतनी ऊंचाई से कूदने पर भी उनके चेहरे पर रत्ती भर भी घबराहट नहीं थी   कितनी देर तक वह हवा में ऐसे ही तैरते रहे I आखिर वह जमीन पर सुरक्षित उतर गए I  बंजर सा इलाका लग रहा था जहा इंसानी बस्ती का कोई नामोनिशान नहीं था I धूप बहुत तेज थी, सूरज की किरणे भी मानो उनके अदम्य साहस का परिचय ले रही थी I उनको अचानक  चक्कर आये और वह बेहोश हो गए I काफी देर बाद जब उन्हें होश आया तो अर्धबेहोशी में जो उन्होंने सुना तो उनके होश फाख्ता हो गए I   वह दुश्मन देश की जमीन पर थे I वो लोग उनका नाम वगैरह सब जान गए थे वह इसके बदले इसके देश को ब्लैकमेल कर सकते हैं I विनोद अभी भी चला कर आंख बंद किये थे ,जिससे उनकी आगे की योजना का भी पता चल सके I   उनमें से एक अफसर बोला,


' तुम सब मूर्ख हो,पड़ोसी देश बहुत ताकतवर है  I  इतना आसान नहीं इसको हथियार के रूप में काम में लेना ',


तभी दूसरा अफसर बोला,


'कुछ भी हो जाये,इस बार हम यह सुनहरा मौका हाथ से नहीं जाने देंगे,इसको तुरंत होश में लाओ,'l


विनोद को होश में लाने के लिए उसके मुंह पर पानी का ग्लास फेका  I उसे होश में आया देख सबके मुंह पर शैतानी हंसी फैल गई I  एक ऑफिसर जिसकी बड़ी-बड़ी मूछें और गुस्से में लाल आंखें थी,  वो ऑफिसर विनोद से मुख़ातिब हो बोला,


' हम तुमको सही सलामत छोड़ देंगे,पर इसके लिए तुमको हमारा जासूस बनना पड़ेगा I अपने देश की सारी खुफिया जानकारी हमें देनी होगी I और  ज्यादा चालाकी दिखायी तो हम तुम्हें यही जान से मार देंगे l ना जाने कितने ही जेल में सड़ते भारतीयों और तुम्हारी तरह जाँबाज अफसरों को  ऐसे ही रास्ते से हटाया और दुनिया को पता भी नहीं चला 'I


विनोद का गुस्सा चरम पर था पर जोश में भी वो होश से काम ले रहा था I उसने उनसे सोचने का कुछ समय मांगा  I अफसर लोग उसको एक अंधेरे कमरे में अकेला छोड़ चले गए  I  उनको कुछ समझ नहीं आ रहा क्या करें,दुश्मनों के हाथों और उनकी जमीन पर वह मरना नहीं चाहते थे,और अपने देश से गद्दारी तो वह सपने में भी नहीं सोच सकते थे I आखिर काफी विचार-विमर्श के बाद वो किसी ठोस निर्णय पर पहुंचे और आवाज दी,


'कोई है,कोई है ',


एक चौकीदार आया तो विनोद ने उससे कहा,


'तुम्हारे अफसरों से कहना मुझे उनकी हर शर्त मंजूर है,"


चौकीदार अपने अफसरो को बुलाकर लाया, विनोद ने उनसे कहा,


'मैं आपका जासूस बनने को तैयार हूं,पर एक बार बस मेरी पत्नी से बात करा दीजिए ',


अफसर ने उसको चेताया,


' अगर ज्यादा चालाकी की कोशिश करी तो यही तुमको मौत के घाट उतार देंगे और तुमको दुनिया के सामने एक जासूस बना कर प्रस्तुत करेंगे 'I


एक अफसर ने विनोद की पत्नी को कॉल लगाया, दूसरी तरफ से उनकी पत्नी की हेलो की आवाज आयी,जैसे ही उसने विनोद की आवाज सुनी, वह बिलख  कर रोने लगी,


' तुम ठीक तो हो ना, मुझे पता चला तुम दुश्मन देश की जमीं पर हो l हमारा देश तुमको छुड़ाने की पुरजोर कोशिश कर रहा हैँ, बस तुम हिम्मत मत हारना ',


विनोद ने अपनी पत्नी से कहा,


'मेरी बात ध्यान से सुनो   ये लोग मुझे ऐसे आसानी से नहीं जाने देंगे और मैं  मरना नहीं चाहता I अगर मैंने इनकी बात नहीं मानी तो ये तुम्हे भी नुकसान  पंहुचा सकते हैँ,"


उसकी पत्नी ने कहा,


'नहीं  मुझे बस आप सकुशल चाहिए,चाहे उसके लिए मुझे कुछ भी कुर्बानी देनी हो ,"


विनोद ने कहा,


'पर तुम्हे अपना वादा तो याद हैँ ना,',


उसकी पत्नी ने कहा,


'बिल्कुल, आखिर तुमसे किया वादा कैसे भूल सकती हूँ ',


ये कहते उसकी आवाज भी सख्त थी I तभी फ़ोन काट दिया गया, सारे लोग हॅसने लगे,


'इतने बहादुर अफसर की पत्नी इतनी कमजोर, और इसकी बहादुरी का हश्र भी क्या हुआ, मौत सामने दिखी तो सब बहादुरी धरी रह गयी ',


विनोद की नसो का खून उबल रहा था,  I आखिर विनोद के शरीर में ट्रांसमीटर फिक्स कर दिया, अब उनकी हर गतिविधि पर उनकी नजर रहेगी I सारी औपचारिकता के बाद विनोद को उसकी सरजमीं पर पहुंचा दिया I वहां पहुंचते ही विनोद ने अपने वतन की जमीं को झुक कर चूमा और जय हिंद का नारा लगाया I सब लोग विनोद के साथ जय हिन्द के नारे लगाने लगे,अचानक पास में खड़े एक फौजी की पिस्तौल छीन कर विनोद ने खुद को गोली से उड़ा दिया I सहसा हुए इस हादसे से सब एक बार को सकपका गए I किसी को कुछ समझ नहीं आया, विनोद की पत्नी बिलख  कर रो रही, उसने  बताया कि पड़ोसी देश की मंशा क्या थी, वह इसका इस्तेमाल कर रहे थे जो कि विनोद को कतई मंजूर नहीं था, पर उनको दुश्मनों के हाथों उनकी जमीन पर नहीं मरना था,अपने देश, अपनी जमीन पर जान कुर्बान करनी थी, उन्होंने मुझे फ़ोन पर कोड भाषा में बता दिया कि वो क्या करेगा I पर मैं मेरे पति की मौत का बदला लूंगी, मैं सेना में जाऊँगी विनोद के सपने को मैं पूरा करूंगी ',


और उसने विनोद के माथे को चूम जय हिन्द का उद्घोष कर दिया,पूरे बॉर्डर पर जय हिंद के नारे गूंजने लगे I इधर दुश्मन देश को जब पता चला तो उनके होश फाख्ता हो गए,पता नहीं उसको अब विनोद की  मौत की क्या कीमत चुकानी होगी I इधर जय हिंद के नारे हवाओं में गूंज रहे थे पर दुश्मन देश को ये हुंकार आने वाले खतरे का आभास करा रही थी I विनोद के शरीर पर भारत माँ का तिरंगा लहरा रहा था I


जय हिन्द 🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳✍️✍️✍️✍️


रीशा गुप्ता ✍🏻✍🏻

घर का रास्ता



श्रुति अँधेरी  गलियों में इधर से उधर भाग रही...पर हर गली का अंत अंधेरे पर हो रहा... जहां कुछ नहीं दिखाई दे रहा... हाथ को हाथ नहीं सूझ रहा... क्या करें वह... कहां ढूंढे अपना घर...इस अंधेरे में कैसे उसे उसके घर का रास्ता दिखेगा... वह आते-जाते लोगों से अपने घर का रास्ता पूछ रही... पर लोग उसे ऐसी नजरों से देख रहे जैसे वह कोई पागल हो और बच्चे उसे देख ताली बजा कर हंस रहे... "इतनी बड़ी आंटी है पर इन्हें खुद के घर का रास्ता ही नहीं पता",


अचानक उसे निलेश दिखा ... इस अंधेरे में...इस अनजान भीड़ में अपने निलेश को देख मानो उसकी सांस में सांस आई पर निलेश की नजर उस पर नहीं थी...उसने भाग कर पीछे से उसकी शर्ट को कस कर पकड़ लिया कही इस अँधेरे में निलेश उसकी नजरों से ओझल ना हो जाये.. वो बदहवास सी बोली...


"निलेश मैं खो गई...कहां है मेरा घर कहां है मेरे घर का रास्ता...मुझे मेरे घर ले चलो... मेरा घर कहां है... कहां है वह रास्ता जो मेरे घर की ओर जाता हो ",


श्रुति...श्रुति ये क्या बोल रही हो कहा खो गयी.. किसके घर का रास्ता पूछ रही हो...अरे तुम अपने घर में ही तो हो",


निलेश झिंझोड़ कर श्रुति  को जगा रहा...श्रुति पसीनो से लथपथ अपने कमरे के बिस्तर पर थी...उसने आंख खोल कर देखा निलेश एक हाथ से उसके पसीने पोंछ रहा... और दूसरे हाथ में पानी का गिलास था l श्रुति उठ कर बैठ गयी l निलेश अपने हाथों से उसे पानी पिलाने लगा और बोला...


" फिर वो ही सपना देखा क्या... क्यों आता हैं तुम्हें बार-बार यही सपना... इतना मत सोचा करो...दिमाग को थोड़ा आराम दो... बेकार की बातें सोच अपनी तबियत ख़राब कऱ लोगी ",


श्रुति समझ गई आज भी उसने वही सपना देखा जो लगातार कितने महीनो से उसे रातों को डरा रहा है l  वह फिर से सोने की कोशिश करने लगी क्योंकि सुबह बस होने को ही है l


श्रुति अपने घर के कामों में लगी थीं...रसोई में आज उसने क्रोकरी की जगह थोड़ी बदल दी...उसका मन हो रहा था जगह बदलने का... छोटे-छोटे बदलाव रोज के एकरस और नीरस दिनचर्या को उबाऊ होने से बचाते हैं l तभी कामिनी जी रसोई में पानी पीने आई... अपना गिलास जगह पर नहीं मिला तो वह इधर-उधर ढूंढने लगी l श्रुति उन्हें गिलास पकड़ाती हुई बोली,


"ये रहा मम्मी आपका गिलास मैंने ही आज जगह बदल दी ",


कामिनी जी थोड़ा सख्त लहजे  में बोली...


"श्रुति मेरी रसोई में मुझे छेड़छाड़ या बदलाव बिल्कुल पसंद नहीं...जो चीज जहाँ रखी है उसे वैसे ही रहने दो ",


श्रुति अपनी बात रखती हुई  बोली,


" पर मम्मी समय समय पर छोटे मोटे बदलाव करते रहना चाहिए",


कामिनी जी गिलास को सिंक में रखते हुए बोली..


" मेरी बरसो की जमाई गृहस्थी है...कोई ऐसे ही नहीं बदल सकता... अगर इतना ही बदलाव का शौक है तो अपने कमरे में करो ",


श्रुति का सारा जोश आंसुओं में तब्दील हो आँखों से बहने गया l दिन के काम खत्म कर वह कमरे में थोड़ा आराम करने चली गयी पर जब कमरे का ए. सी. भी आज उसके अंदर की गर्मी और घुटन शांत नहीं कर पा रहा तो वह घबरा कर थोड़ी देर बाहर बरामदे में आ गयी  l घर में लगे लॉन को देख उसका मन खिल उठा और वह उठ कर पेड़ पौधों को  संभालने लगी  l होंठो पर मनपसंद गीत गुनगुनाते हुए वह पेड़ पौधों के सूखे पत्तों को हटा रही और कुछ गमलो की जगह बदलने लगी तभी उसके ससुर जी  वहां आ गए और बोले..


"बेटा मेरी लॉन में यह तुम गमलो की जगह मत बदलो..मुझे मेरी लॉन में किसी की दखलअंदाजी पसंद नहीं.. ऐसा करो तुम अंदर जा कर आराम करो",


श्रुति बुझे मन से अंदर अपने कमरे में आ गई... बेचैनी से वह करवटे बदलने लगी... उसका फूट फूट कर रोने का मन हो रहा... लगा निलेश को फोन करें पर मोबाइल पर बढ़ते हाथ अचानक थम गए ... जानती थीं कोई फायदा नहीं.. निलेश वही रटी रटाई बातें बोलेंगे..


" क्यों सोचती हो इतना ये तुम्हारा भी  तो घर है तुम्हें जैसा रहना है... जो करना है करो...कोई तुम्हें कुछ नहीं कहेगा... तुम अपने हिसाब से रहो",


हार कर वह आंख बंद कर सोने  का उपक्रम करने लगी l  कही उसकी घुटन... उसकी बेबसी...उसके घर का सपना तो रात को उस डरावने  सपने में नहीं बदल जाता.. जहां उसे घर में हो कर भी अपने घर का रास्ता नहीं मिलता.. क्या वाकई कभी मिलेगा उसे उसके घर का रास्ता... या फिर यह डरावना सपना बन कर ही रह जाएगा... पर श्रुति के पास अपने किसी भी सवाल का कोई जवाब नहीं था l


रीशा गुप्ता ✍🏻✍🏻

पुरानी ईमारत



प्रणव  लम्बे डग भरता जैसे ही अपने घर की इमारत के बाहर पंहुचा ... देखा उसकी इमारत के बाहर बहुत सारे लोगों की भीड़ लगी थी l प्रणव को उसकी पत्नी शारदा ने पहले ही फोन पर बता दिया था सरकारी कर्मचारी उनकी पुरानी इमारत पर लाल निशान लगा गए थे... सरकारी आदेश था सारी पुरानी जर्ज़र इमारतो को सरकार बारिश से पहले ज़मीनदोज कर रही है l प्रणव  पसीने से तरबतर था...कहां जाएगा वह अपने परिवार को ले कर... बरसात का मौसम वैसे ही सिर पर है l उसका वहां  खड़े होने का भी मन नहीं हुआ और वह घर के अंदर आ गया l वह अपनी पत्नी शारदा से बोला,


"शारदा कहां जाएंगे हम...मेरी नौकरी पहले ही पक्की नहीं l फिर  जमा पूंजी के नाम पर मेरे पास बस हमारे दो बच्चे... मेरे बूढ़े बाबूजी और तुम हो... मैं कहां सबको लेकर जाऊंगा l अरे रहने देती सरकाऱ यहाँ... जिस दिन ढहती इमारत उस दिन  हम सब भी इसके साथ ही ढह जाते... कम से कम तब तक सिर पर छत तो बनी रहती ",


सच इस दुनिया में गरीबी से बड़ा श्राप कोई नहीं l शारदा उसके कंधे पर हाथ रख बोली,


" इतनी चिंता मत करो... यू हाथ पर हाथ धरने से तो कुछ नहीं होगा...कोई ना कोई हल तो निकालना ही होगा",


प्रणव कातर नजरों से शारदा को देख बोला...


" क्या हल निकालू ... कहां जाऊं... किसके आगे हाथ फैलाऊ..मुझे तो कुछ समझ नहीं आ रहा",


शारदा उसका कन्धा थपथपा बोली,


"तुम परेशान मत हो मैंने पास के मोहल्ले में रहने वाली मेरी सहेली से बात की है...उनके यहां  एक कमरा बंद पड़ा है वह कुछ समय तो हमें रहने  के लिए दे देगी... फिर आगे देखते हैं क्या करना है ",


प्रणव बोला...


" पर एक कमरे में हम सब... कैसे.. ",


शारदा बोली,


"देखिये गुजारा तो करना ही है फिर मैंने बाबूजी का भी इंतजाम कर दिया है... एक सरकारी वृद्ध आश्रम है वहां उनको भेज देते हैं बाद में जब खुद का कोई आसरा होगा तब देखेंगे ",


शारदा की बात सुन प्रणव गुस्से से आग बबूला हो जोर से चिल्लाया,


" तुम्हें होश भी है क्या कह रही हो.. मेरे होते बाबूजी वृद्धाश्रम ",


शारदा तंजी कसती बोली..


"यह ऊंची आवाज में बात  करने की जरुरत नहीं...अगर इतने ही तेवर दिखाने हैं तो इंतजाम करो हम सबके सिर ढकने का l अरे वह तो मैं हूं जो कैसे ना कैसे करके तुम्हारी गृहस्थी  और तुम्हारी इज्जत बचा रखी है वरना तुमने तो हमें सड़क पर लाने में कोई कसर नहीं छोड़ी",


अपनी बेबसी पर प्रणव कसमसा कर रह गया l तभी अंदर से प्रणव के बाबूजी अपनी लाठी ज़मीन पर ठोकते लड़खड़ाते कदमो से आए और प्रणव से बोले,


"बेटा... बहू ठीक तो कह रही है अरे मैं बूढ़ा यहाँ रहू या वहां  क्या फर्क पड़ता है फिर  वहां मेरा मन भी लग जाएगा.. मेरे हम उम्र साथी जो होंगे वहां ",


कह बाबूजी लाठी टेकते  धीरे-धीरे फिर अपने कमरे की ओर चले गए.. ज्यादा देर खड़े रहने की उन बूढ़े कदमो में जान नहीं...फिर अपनी नम आँखे भी वो अपने बेटे से छिपाना चाहते थे.. और दुखी नहीं कऱ सकते वो अपने बेटे को l  इधर प्रणव कभी पुरानी इमारत को देख रहा तो कभी अपने बूढ़े बाबूजी को..  शायद आंखों में भर रहा था वो दोनों को... दोनों ही कब ढह जाये क्या पता?


रीशा गुप्ता ✍🏻✍🏻

अज्ञान से ज्ञान की और (टीचर्स डे special)



'मैडम आपने बुलाया मुझे '?


30-35 साल का एक साधारण सा दिखने वाला नौजवान प्रिंसिपल  वंदना जी के ऑफिस के बाहर खड़ा था ,


कहने भर को प्रिंसिपल का ऑफिस था l छोटे से कमरे में जहाँ ढेरो फाइल्स के ढेर पड़े थे और छोटी सी टेबल और कुर्सी रखी थी l वंदना जी की टेबल के ठीक सामने तीन से चार बेंत की कुर्सी रखी थी जिस पर आगनतुको को बिठाया जा सके l


सुदूर गाँव का एक विद्यालय था ये l जहाँ  एक ठीक ठाक सी स्कूल ईमारत मिल पाना ही बहुत बड़ी बात होती है, नहीं तो बेचारे बच्चे या तो जान हथेली पर रख टूटी छत के नीचे पढ़ते है या फिर वो भी नहीं नसीब हो तो किसी पेड़ के नीचे l वो भी तब जब अध्यापक पढ़ाने को विद्यालय आ जाये l  उन सब बातो को ध्यान में रखते  हुए ये विद्यालय और प्रिंसिपल का ऑफिस उन सब पैमानो से काफ़ी बेहतर था l


त्रिपाठी सर की आवाज सुन प्रिंसिपल ने अपने रजिस्टर से एक नजर ऊपर उठा उन्हें देखा l फिर चेहरे पर एक चिर परिचित मुस्कान ओढ़ उन्हें अंदर आने और अपने सामने रखी कुर्सी पर बैठने का इशारा किया ',


त्रिपाठी सर कुछ सकुचाये से मैडम के सामने लगी कुर्सी पर आ कर बैठ गए l इस विद्यालय में आये उन्हें चार पांच साल हो गए l  घर वालों ने तो काफ़ी जोर दिया था शहर में जाकर किसी ढंग के विद्यालय में पढाये l जानते थे यहाँ आगे बढ़ने के अवसर ना के बराबर हैं l पर एक तो बूढ़े माँ बाप का एकमात्र सहारा थे त्रिपाठी सर,फिर अपने गाँव से बहुत लगाव था उन्हें l इसलिए यही रह गाँव के बच्चों को पढ़ाने का संकल्प लिया l 


पूरे विद्यालय में बच्चों के सबसे पसंदीदा शिक्षक थे त्रिपाठी सर l वंदना जी रजिस्टर में कुछ दर्ज कर अपना चश्मा उतार त्रिपाठी सर से मुखातिब होते हुए बोली,


' त्रिपाठी जी इस बार टीचर्स डे पर हमारे गांव से कुछ अच्छे शिक्षकों का चुनाव करना है l सारे स्कूलस अपनी तरफ से सबसे अच्छे शिक्षक का नाम भेजेंगे, फिर सर्वम्मति से किसी एक टीचर का नाम पुरुस्कार के लिए आगे भेजा जाएगा l ये निर्णय सर्वमान्य होगा',


त्रिपाठी सर वंदना जी को ध्यान से सुन रहे थे l प्रिंसिपल मैडम चेहरे पर एक मुस्कान ओढ़ विनम्रता से बोली,


'आप सोच रहे होंगे मैंने आपको यहाँ क्यों बुलाया'?


त्रिपाठी सर कुछ कहते उससे पहले वंदना जी आँखों में प्रशंसा के भाव लिए बोली,


'मुझे लगता है आप इस पुरस्कार के सबसे योग्य  शिक्षक है l मुझे पूरा यकीन है ना सिर्फ हमारे विद्यालय बल्कि पूरे गाँव के योग्य शिक्षको में आपका नाम निसंदेह सबसे ऊपर होगा l ये आपकी लगन, आपकी अथक मेहनत ही है कि जो बच्चे गणित से घबराते थे,अब वो सब का पसंदीदा विषय बन गया l  देखा है आपके पीरियड में सब छात्र कितना उत्साहित रहते हैं l और ये सिर्फ हम नहीं कह रहे,  हमारे स्कूल के परीक्षा परिणामो में आपकी मेहनत साफ दिखती है',


त्रिपाठी सर ने वंदना जी को धन्यवाद कहा और सौम्यता से बोले,


' मैडम ये मेरा सौभाग्य है जो आपने मुझे इस लायक समझा l मेरी कोशिश तो यही है कि अपनी तरफ से हरसंभव प्रयास करू l हर बच्चे को अच्छे से अच्छी शिक्षा दूँ l  ये मेरा कर्तव्य है...मेरा फर्ज है जिसके लिए मुझे तनख्वाह भी मिलती है l  लेकिन ....',


त्रिपाठी सर के लेकिन को सुन वंदना जी उन्हें टोकते हुए बोली,


'लेकिन क्या सर? आपके मन में कोई संशय, कोई सवाल है तो आप बेझिझक पूछ सकते है l बताइये क्या कहना चाहते है आप ',?


त्रिपाठी सर अपने हथेलियों को प्रिंसिपल मैडम कि टेबल पर रख खुद आगे की और झुकते हुए  बोले,


' मैडम अगर आप मेरी बात माने तो मैं हमारे स्कूल की कक्षा आठवीं की छात्रा नंदिनी का नाम आगे बढ़ाना चाहूंगा ',


त्रिपाठी सर की बात सुनते ही  वंदना जी के चेहरे पर आश्चर्य मिश्रित भाव आ गए l फिर अगले ही पल वो हॅसते हुए बोली,


' क्या कह रहे हैं सर आप ?  यह बेस्ट स्टूडेंट का नहीं बेस्ट टीचर का पुरुस्कार है l और वैसे भी नंदिनी को बेस्ट स्टूडेंट भी नहीं कह सकते,उससे ज्यादा  तो कई मेधावी छात्र हमारे स्कूल में है',


त्रिपाठी सर वंदना जी की अशांकओ का निवारण करते हुए बोले,


'मैडम आप मेरे कहने का मतलब नहीं समझी  l  अभी ज्यादा समय नहीं हुआ अगर आपको ध्यान हो तो इस कोरोना के वक्त जब सब कुछ बंद हो गया... स्कूलस भी l तब हम चाह कर भी बच्चों को पढ़ा नहीं पा रहे थे, क्योंकि भले हमारे पास में एक से एक योग्य टीचर थे, पर हम सब  इस ऑनलाइन शिक्षा से तालमेल नहीं बैठा पा रहे थे l ना ही हम और ना ही बच्चे इन सब चीजों से वाकिफ थे l  ये सब हमारे बुते की बात ही नहीं थी l उस समय जबकि देश विदेश के बच्चे ऑनलाइन माध्यम से पढ़ रहे थे, हम बेबस थे,हाथ पर हाथ धरे बैठे थे l  पूरे गांव की शिक्षा व्यवस्था ठप पड़ी थी l हम शिक्षा के नाम पर महीने में उन्हें कुछ होमवर्क दे खानापूर्ति कर रहे थे l  तब नंदिनी ही  इस गाँव की एकमात्र छात्रा थी जिसने पहले खुद यू ट्यूब से इन सब का प्रशिक्षण लिया और फिर हिम्मत कर हम सबके आगे ये प्रस्ताव रखा l उसके लिये ये सब इतना आसान नहीं था l क्युकी बात जब बच्चों की आती है तो वो अपने बड़ो से, अपने अध्यापक से  कुछ भी सीख सकते है l पर बात जब अध्यापको की.... बड़ो की आती है तो हमें इसमें हमारा अपमान नजर आता है, हमारा अहम हमें उनसे कुछ सीखने से, कुछ अपनाने से इंकार करता है l  पर नंदिनी ने हार नहीं मानी l उसने  ना सिर्फ हम सबको मनाया, समझाया... बल्कि पूरे गांव के टीचर्स को मोबाइल से ऑनलाइन टीचिंग का प्रशिक्षण दिया l ये उस की मेहनत और लगन थी की धीरे धीरे जो उसके खिलाफ थे अब उससे प्रशिक्षण लेने लगे l  और उसी की बदौलत  कोरोना में इस गाँव की पढ़ाई निर्बाध रूप से  चलती रही',


प्रिंसिपल मैडम हाथ में पकडे अपने पेन पर ढक्कन लगाती हुई बोली,


'हम आपकी बात से पूरी तरह सहमत है l पर मुझे नहीं लगता हमारी  बात कोई मानेगा l एक तरफ जहाँ बड़े बड़े शिक्षक इस पद के दावेदार होंगे वहाँ नंदिनी को खड़ा करना आसान नहीं होगा l और हो सकता है ये उस पुरुस्कार के नियमों के मापदंडो पर खरा भी ना उतरे  ',


त्रिपाठी सर उम्मीद भरी आवाज में बोले,


'मैडम मैं मानता हूँ ये सब आसान नहीं होगा  पर हम एक कोशिश तो कर सकते है l ठीक उसी तरह जिस तरह नंदिनी ने उस मुसीबत के समय की थी l जब वो छोटी बच्ची हार नहीं मान सकती फिर हम तो बड़े है l और वैसे भी गाँव का हर आदमी उसकी मेहनत से वाकिफ है l और मैं सबको मनाने का प्रयास करूँगा ',


वंदना जी चश्मे को आँखों पर चढ़ाते हुए बोली,


'ठीक है  आपके कहने पर हम सबके सामने ये प्रस्ताव रखेंगे 'l


अगले हफ्ते सारे स्कूलस की मीटिंग में वंदना मैडम ने ये प्रस्ताव रखा l  एक बार तो सबको अटपटा लगा,कुछ एक ने विरोध भी किया l पर सभी को ये निर्णय मानने में ज्यादा देर नहीं लगी l  क्यूंकि नंदिनी की मेहनत से कौन वाकिफ नहीं था l वो बात अलग थी की इस पुरुस्कार के लिहाज से किसी ने नहीं सोचा था l पर त्रिपाठी सर और वंदना मैडम के समझाने पर सर्वसम्मति से निर्णय हुआ और नंदिनी का नाम आगे भेजा गया  l


नंदिनी और उसके माँ बाप को जब मालूम चला तो  ख़ुशी, आश्चर्य, आँसू पता नहीं कितनी भावनाओं से वो सराबोर हो रहे l 


टीचर्स डे पर नंदिनी के लिए पूरा हॉल तालियों से गड़गड़ा रहा था l सबके लिए इतने बड़े और योग्य शिक्षकों के आगे इतनी छोटी सी बच्ची का होना  ही अपने आप में कौतुहल का विषय  था l किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा ये क्या हो रहा है?तब मुख्य अतिथि के कहने पर त्रिपाठी सर माइक पर आ बोलने लगे ,


' मैं जानता हूँ आप सब के मन में हजार सवाल है l  आप सब सोच रहे होंगे बड़े बड़े अनुभवी शिक्षकों के सामने इस छोटी सी बच्ची का क्या काम? ये भला कैसे इस पुरुस्कार की दावेदार हो सकती है?,


त्रिपाठी सर की बात सुन सब खुसर पुसर करने लगे तो त्रिपाठी सर बोले,


'शिक्षक वह होता है जिससे हम कुछ न कुछ सीखते हैं l  जरूरी नहीं वह हमसे बड़ा हो,छोटो से भी हम बहुत कुछ सीख सकते हैं  l नंदिनी ने ऐसे वक्त शिक्षा व्यवस्था को सुचारु रखने का जिम्मा लिया   जब हमारे गाँव के बड़े बड़े शिक्षक हार मान चुके थे ',


फिर उन्होंने कोरोना के समय उनके गाँव की शिक्षा व्यवस्था चौपट होना और फिर नंदिनी के प्रयासों को विस्तार से बताया l


त्रिपाठी सर की बात ख़तम होते ही पूरा हाल तालियों से गडगड़ा रहा था l नंदिनी की आँखों में ख़ुशी के आँसू थे तो वही उसके माँ बाप वो तो खुशी से फूले नहीं समा रहे थे l


आखिर नंदिनी को अवार्ड मिला l पूरा हॉल उस नन्हे शिक्षक के लिए तालिया बजा  रहा था और उसके जज्बे की मिसाल दे रहा था l


इधर वंदना मैडम ने त्रिपाठी सर को देख उनकी पारखी नजरों की प्रशंसा की l


रीशा गुप्ता ✍️✍️

Friday, 4 September 2026

शर्ते

 हाँ वो तुम्हे भरपूर प्यार करेगा 

पर उसकी एक शर्त भी है,

उसका प्यार  बस प्यार होना चाहिए,

उसमें तुम्हारी भावनाओं की परवाह,तुम्हारी वो सारी अनकही बातों को समझना,

यह सब उसे अपने प्यार में पसंद नहीं,

नियम,कायदे, बंधन, रिवाज.. तुम्हारी सारी शर्ते,

यह सब जैसे उसके प्यार को कम करते हैं,

उसे लगता है अगर प्यार में यह सब मिल गया,

तो प्यार...प्यार नहीं जैसे एक बोझ बन गया,

और उसे यह बोझ उठाना गवारा नहीं, बस इसलिए वह प्यार तो करेगा पर बिना बोझ का,

अब ये  तुम पर है कि तुम उसकी शर्त मान  उसके बेशुमार प्यार को स्वीकार करो,

या फिर अपनी शर्ते लगा खुद उसके प्यार को  ही कम करो l